LIVE

असम में डीआरआई ने वन्यजीव तस्करी के अवैध प्रयास को विफल किया; सशस्त्र संदिग्धों की खतरनाक लक्ष्य का पीछा करने के दौरान 3.7 किलोग्राम वजन के दो हाथी दांत बरामद किए गए

राजस्व आसूचना महानिदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने 5 नवंबर 2026 को हाथी के दांतों की तस्करी के संबंध में मिली ठोस जानकारी के आधार पर गुवाहाटी से लगभग 27 किलोमीटर दूर सोनापुर टोल गेट के पास वन्यजीव तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया।

डीआरआई) के अधिकारियों ने शाम को करीब 5:40 बजे दो दोपहिया वाहनों पर सवार पांच संदिग्धों को देखा। उनमें से एक के पास एक थैला था जिसमें हाथी के दांत होने का संदेह था। रोके जाने पर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया। उन्होंने पीछा कर रहे अधिकारियों को डराने के लिए खुकरी और दाव लहराया और  फिर थैला वहीं छोड़कर पास के गांव की ओर भाग निकले।

छोड़े गए थैले की तलाशी लेने पर उसमें से हाथी के दो दांत मिले जिनकी लंबाई क्रमशः 29 इंच और 30 इंच थी और उनका कुल वजन लगभग 3.7 किलोग्राम था। इन्हें वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के अंतर्गत जब्त कर लिया गया और आगे की जांच तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए असम राज्य वन विभाग को सौंप दिया गया।

हाथी के दांत, वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची 1 और “वन्य जीवों और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर समझौते “ (सीआईटीईएस) के परिशिष्ट 1 के अंतर्गत संरक्षित हैं। भारतीय विधि व्यवस्था के अनुसार, ऐसी संरक्षित प्रजातियों से प्राप्त वस्तुओं का व्यापार या उनसे जुड़ा कोई भी व्यावसायिक सौदा प्रतिबंधित है।

डीआरआई खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करने और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने के माध्यम से वन्यजीवों की तस्करी और संरक्षित प्रजातियों के अवैध व्यापार को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »