वाणिज्य मंत्री ने स्नातकों से अपने सपनों को साकार करने, जीवनभर सीखते रहने और समाज के वंचित वर्गों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें वार्षिक दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने स्नातकों से अपने सपनों को साकार करने, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में योगदान देने की अपील की। भारत के आर्थिक रुपांतरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में लगभग 50 करोड़ भारतीय अत्यंत निर्धनता से उबरे हैं। एक दशक पहले जहां देश में कुछ सौ स्टार्टअप्स थे, वहीं आज भारत 2.5 लाख स्टार्टअप्स और 130 से अधिक यूनिकॉर्न के साथ विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि युवा भारतीय अब रोजगार मांगने वालों के बजाय रोजगार देने वाले बन रहे हैं। यह प्रयोग करने, विफलताओं को स्वीकार करने और नई चुनौतियों का सामना करने की उनकी तत्परता को दर्शाता है।
श्री गोयल ने कहा कि विकसित भारत-2047 की दिशा में यात्रा देश के युवाओं के कंधों पर टिकी है। स्नातक अपनी आजीविका और करियर में आगे बढ़ते हुए समाज के वंचित एवं हाशिए पर रह रहे वर्गों के लिए बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि युवाओं का भविष्य उन लोगों के भविष्य से भी जुड़ा है, जो विकास की दौड़ में पीछे रह गए हैं और जिन्हें समान अवसर नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने स्नातकों से इन वर्गों के प्रति अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाने से मिलने वाली संतुष्टि अमूल्य होती है।
श्री गोयल ने स्नातक की उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रति वर्ष लगभग 2.5 करोड़ भारतीय युवा कॉलेज में प्रवेश की आयु तक पहुंचते हैं, लेकिन इनमें से बहुत कम को दिल्ली विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन करने का अवसर मिलता है। विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं, कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी), मॉक टेस्ट और लगातार अभ्यास के माध्यम से अपनी जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने सीजीपीए, विभिन्न सोसायटी के ऑडिशन, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट जैसी चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई मजबूत शैक्षणिक नींव उन्हें अपने करियर में सफलता अर्जित करने में मदद करेगी।
श्री गोयल ने कहा कि स्नातक विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके माता-पिता की भी उतनी ही है, जिन्होंने अपने बच्चों के सपनों को साकार करने के लिए अपने सपनों का त्याग किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान उनका सहयोग करने वाले लोगों को भी याद रखने का आग्रह किया। इनमें कैंटीन के वे कर्मचारी शामिल हैं, जिन्होंने उनके उधार का हिसाब रखा; सुरक्षा गार्ड, जिन्होंने बिना पहचान पत्र दिखाए भी उन्हें पहचान लिया; पुस्तकालयाध्यक्ष, जिन्होंने परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने में उनकी मदद की; और चाय विक्रेता सुदामा जी, जिनकी चाय भी उनके विश्वविद्यालय जीवन का अभिन्न हिस्सा रही।
श्री गोयल ने शिक्षकों के सम्मान के महत्व पर बल देते हुए कहा कि शिक्षक का दायित्व घंटी बजने के साथ समाप्त नहीं होता, बल्कि उसका प्रभाव दशकों तक विद्यार्थियों के जीवन पर बना रहता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अक्सर अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन, उनकी सीख और सुधार संबंधी सुझावों का महत्व वास्तविक दुनिया में कदम रखने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने के बाद ही समझ में आता है।
श्री गोयल ने विश्वविद्यालय की 104 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय का विस्तार अब 90 कॉलेजों और छह लाख से अधिक विद्यार्थियों तक हो चुका है। विश्वविद्यालय ने अपने 103 वर्षों के इतिहास में कभी भी दीक्षांत समारोह की परंपरा नहीं तोड़ी है। स्वतंत्रता संग्राम, द्वितीय विश्व युद्ध और कोविड महामारी के दौरान भी विश्वविद्यालय ने इस परंपरा को जारी रखा। उन्होंने कहा कि इस दीक्षांत समारोह में शामिल होना उनके लिए दोहरी प्रसन्नता और सम्मान की बात है, जहां 400 से अधिक डॉक्टरेट की उपाधियां, 1.7 लाख से अधिक स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां और 160 से अधिक स्वर्ण पदक प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वविद्यालय की छात्राओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और सफलता देश की प्रत्येक बालिका को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को इन उपलब्धियों के बारे में जानकर प्रसन्नता होगी।
श्री गोयल ने स्नातकों से विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान बनी मित्रता को संजोकर रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जीवन के इन महत्वपूर्ण वर्षों में विद्यार्थी अक्सर अपने परिवार की तुलना में मित्रों के साथ अधिक समय बिताते हैं। मित्र ही थे, जिन्होंने सुबह 9 बजे की परीक्षा के लिए उन्हें जगाया, अपने नोट्स साझा किए और तब उनके विचारों पर विश्वास जताया, जब कोई और ऐसा नहीं करता था। उन्होंने विद्यार्थियों को इन मित्रताओं को हमेशा बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यही मित्र भविष्य में उनके पहले ग्राहक, साझेदार या निवेशक बन सकते हैं और साथ ही उनके सबसे पुराने शुभचिंतक तथा सबसे ईमानदार आलोचक भी बने रह सकते हैं। विद्यार्थियों को तीन शब्दों—“अपने सपनों को साकार करें”—का संदेश देते हुए श्री गोयल ने स्टीव जॉब्स के कथन को संदर्भित किया: “आपका समय सीमित है, इसलिए इसे किसी और का जीवन जीने में व्यर्थ न करें। अपने हृदय की आवाज और अंतर्मन की प्रेरणा का अनुसरण करने का साहस रखें।”
सफलता के छह सूत्र साझा करते हुए श्री गोयल ने स्नातकों को बड़ा सोचने, सकारात्मक बने रहने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने, निरंतर सीखते रहने, स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और अपने संघर्षों पर भरोसा रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
पहला, उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ा सोचने, बड़े सपने देखने और अपने लक्ष्यों के प्रति दृढ़ विश्वास रखने का आग्रह किया। उन्होंने छोटे लक्ष्य निर्धारित करने या असफलता से डरने के प्रति सावधान करते हुए विद्यार्थियों को अपने उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का उदाहरण देते हुए उन्होंने उनके कठिन बचपन, सीमित औपचारिक शिक्षा तथा व्यावसायिक और पेशेवर जीवन की शुरुआती विफलताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन कठिनाइयों के बावजूद लिंकन पढ़ने के प्रति उत्साही रहे, जीवनभर सीखने में रुचि बनाए रखी और असफलताओं के बाद भी निरंतर प्रयास करते रहे। अंततः वे अमेरिका के राष्ट्रपति बने और देश में दास प्रथा समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दूसरा, उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक बने रहने और अपनी दिशा में आवश्यक बदलाव करने से कभी न डरने की सलाह दी। बिजली के बल्ब के विकास के लिए थॉमस एडिसन द्वारा किए गए बार-बार के प्रयोगों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अनेक असफलताओं और वर्षों के निरंतर प्रयासों के बाद अंततः उन्हें सफलता मिली। उन्होंने स्नातकों को प्रत्येक प्रयास से सीखने, बदलती परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को ढालने और आवश्यकता पड़ने पर अपनी कार्यशैली में बदलाव करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, उन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश दिया।
तीसरा, उन्होंने एकाग्रता के महत्व पर बल देते हुए कहा कि 30 सेकंड की रील की दुनिया में ध्यान केंद्रित करने की क्षमता दुर्लभ हो गई है और इसलिए इसका महत्व और भी बढ़ गया है। स्वामी विवेकानंद के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “एक विचार चुनें और उसी विचार को अपना जीवन बना लें।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सफलता प्राप्त करने के लिए अपने लक्ष्यों और आकांक्षाओं पर निरंतर ध्यान केंद्रित रखना आवश्यक है।
चौथा, उन्होंने स्नातकों से जीवनपर्यंत सीखते रहने का आग्रह किया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और उभरती प्रौद्योगिकियों के इस दौर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सीखने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए और पुरानी कार्यप्रणालियों को छोड़कर नए तरीके अपनाने तथा अपनी सोच में बदलाव करने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भविष्य की चुनौतियों का समाधान खोजने में मानवीय अनुभव महत्वपूर्ण होंगे और आलोचनात्मक चिंतन (क्रिटिकल थिंकिंग) ऐसी क्षमता है, जिसका कोई विकल्प नहीं हो सकता।
पांचवां, उन्होंने विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह देते हुए शरीर को जीवनभर की यात्रा का एकमात्र साधन बताया। उन्होंने कहा कि युवा अक्सर देर रात तक जागने, पार्टियों और अनियमित दिनचर्या के कारण अपने स्वास्थ्य को हल्के में लेते हैं, लेकिन जीवन में आगे चलकर उन्हें अनुशासित जीवनशैली न अपनाने का पछतावा हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पैदल चलने, खेलकूद, दौड़ने और योग के माध्यम से नियमित रूप से फिटनेस की आदतें विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ बनाए रखने में निवारक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व को भी रेखांकित किया।
छठा, उन्होंने स्नातकों से अपने संघर्षों पर भरोसा रखने और कठिनाइयों को अपनी नियति के लिए तैयारी के रूप में देखने का आग्रह किया। भगवान राम के 14 वर्षों के वनवास और पांडवों के 12 वर्षों के वनवास तथा उसके बाद एक वर्ष के अज्ञातवास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां अक्सर व्यक्ति को उसकी नियति के लिए तैयार करती हैं।
श्री गोयल ने अपने सबसे प्रिय और प्रमुख मार्गदर्शकों में से एक, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनके इस कथन का उल्लेख किया, “शिक्षा, अपने वास्तविक अर्थों में, आत्म-खोज की प्रक्रिया और स्वयं को गढ़ने की कला है।” उन्होंने बताया कि अटल जी ने वर्ष 2002 में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर ये विचार व्यक्त किए थे।
लाल किले की प्राचीर से 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा निर्धारित पांच प्रणों अथवा पांच राष्ट्रीय संकल्पों का उल्लेख करते हुए श्री गोयल ने स्नातकों से इन संकल्पों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और वर्ष 2047 तक इन्हें साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया।
पहला प्रण वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है। श्री गोयल ने कहा कि विकसित भारत ऐसा होगा, जो समृद्ध हो, प्रत्येक बच्चे और नागरिक की देखभाल करे तथा हर परिवार को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करे। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय से बाहर निकलने के दिन से ही स्नातकों की जिम्मेदारी और उनके कार्यक्षेत्र का प्रमुख दायित्व बताया।
दूसरा प्रण दासता की मानसिकता से मुक्ति पाना है। पारंपरिक दीक्षांत समारोह के गाउन और चोगे के स्थान पर भारतीय परिधान अपनाने के विश्वविद्यालय के निर्णय की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह कदम भारत की अपनी पहचान और परंपराओं के प्रति आत्मविश्वास का व्यापक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल दीक्षांत समारोह की पोशाक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नए भारत के उस आत्मविश्वास को दर्शाता है, जो अपनी सोच और दृष्टिकोण के साथ नेतृत्व करने के लिए तैयार है।
तीसरा प्रण भारत के इतिहास, विरासत, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करना है। श्री गोयल ने कहा कि अपनी संस्कृति और इतिहास का सम्मान किए बिना कोई भी देश विकास नहीं कर सकता। हाल ही में रोम की अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वहां एक व्यापार मंच और संयुक्त समिति की बैठक के दौरान उनकी इटली के उप प्रधानमंत्री के साथ बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्हें इतालवी कला और संस्कृति का मार्गदर्शित भ्रमण भी कराया गया, जिसमें 200 वर्ष पुरानी पेंटिंग और मूर्तिकला भी शामिल थीं। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि अन्य देश अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उसे प्रदर्शित करने को कितना महत्व देते हैं।
उन्होंने नई दिल्ली स्थित नॉर्थ और साउथ ब्लॉक के कायाकल्प का भी उल्लेख किया, जहां वर्षों तक सरकारी कार्यालय संचालित होते रहे और बदलती प्रशासनिक आवश्यकताओं तथा बुनियादी ढांचे के कारण ये भवन धीरे-धीरे कम उपयोगी होते गए। उन्होंने कहा कि इन दोनों भवनों को अब ‘युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह संग्रहालय भारत के हजारों वर्षों के इतिहास और विरासत को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करेगा तथा देश के सांस्कृतिक आत्मविश्वास को और सुदृढ़ बनाएगा।
चौथा प्रण राष्ट्रीय एकता है। गुजरात के केवड़िया में सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का उल्लेख करते हुए श्री गोयल ने प्रतिमा की स्थापना के बाद आसपास के जनजातीय क्षेत्र में हुए विकास को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का कायाकल्प विकास हासिल करने में राष्ट्रीय एकता के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विभाजित समाज कभी भी अपनी पूरी क्षमता का उपयोग नहीं कर सकता और न ही विश्व में अपना उचित स्थान हासिल कर सकता है। उन्होंने सभी से एकजुट रहने और देश की एकता की रक्षा करने का आग्रह किया।
पांचवां प्रण कर्तव्यबोध है। श्री गोयल ने कहा कि अधिक अधिकारों के साथ अधिक जिम्मेदारी भी आती है। उन्होंने कहा कि नई डिग्री के साथ विश्वविद्यालय से बाहर निकलते समय स्नातकों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए। इनमें भारत के विकास में योगदान देना, नशामुक्त राष्ट्र का निर्माण करना, पर्यावरण को स्वच्छ रखना और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश को आगे ले जाना शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2047 में, जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाएगा, तब देश विश्व के लिए एक मिसाल बनकर उभरेगा।
श्री गोयल ने कहा कि दीक्षांत समारोह से वास्तव में मिलने वाली सबसे बड़ी सीख अपने भविष्य को गढ़ने और संवारने की क्षमता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रत्येक स्नातक विश्वविद्यालय से सशक्त, प्रोत्साहित और भविष्य के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण से युक्त होकर विदा होगा। विद्यार्थियों को असीम ऊर्जा से परिपूर्ण राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि वे भारत के भविष्य को आकार देंगे और अपने शिक्षकों, माता-पिता तथा राष्ट्र को गौरवान्वित करेंगे।
अपने संबोधन का समापन करते हुए श्री गोयल ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इतिहास से सीख लें, लेकिन उससे कभी भयभीत न हों। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि वे कठिनाइयों और चुनौतियों के बावजूद बड़े सपने देखें, महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करें तथा अपने भविष्य के साथ-साथ भारत के भविष्य को संवारने में उत्साहपूर्वक योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्नातक की डिग्री प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की ऊर्जा से उन्हें अपार प्रोत्साहन और आत्मविश्वास मिलता है।
श्री गोयल ने स्नातकों को उत्साह और उमंग से परिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और उनके भावी प्रयासों में सफलता की कामना की।
Comments (0)