17 लाख एकड़ से अधिक रक्षा भूमि की सुरक्षा और छावनी विरासत का संरक्षण प्रमुख प्राथमिकताएं: श्री ओम बिरला
लोक सभा अध्यक्ष ने परिचालन आवश्यकताओं, अतिक्रमण-रोधी प्रयासों और छावनी विरासत के बीच संतुलन बनाने पर बल दिया
लोक सभा अध्यक्ष ने ‘रक्षा संपदा शताब्दी व्याख्यान 2026’ दिया
नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026: लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज रक्षा संपदा संगठन से आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से रक्षा भूमि के प्रबंधन और संरक्षण को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। नई दिल्ली में ‘रक्षा संपदा शताब्दी व्याख्यान 2026’ देते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रक्षा परिसंपत्तियों को सुरक्षित रखना, अतिक्रमण पर अंकुश लगाना और सशस्त्र बलों की परिचालन आवश्यकताओं के लिए समय पर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकताएं होनी चाहिए।
17 लाख एकड़ से अधिक रक्षा भूमि के प्रबंधन और सुरक्षा के संबंध में संगठन के व्यापक दायित्व के बारे में बात करते हुए श्री बिरला ने कहा कि प्रभावी शासन के लिए सटीक, सुरक्षित और सुगम भूमि अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने वर्तमान में चल रहे डिजिटल उन्नयन कार्यों की सराहना की और कहा कि एआई तथा उभरती हुई प्रौद्योगिकियां वर्तमान परिचालन मांगों और दीर्घकालिक प्रशासनिक चुनौतियों—दोनों से निपटने में सहायक होंगी।
रक्षा भूमि पर अतिक्रमण को एक प्रमुख चिंता बताते हुए श्री बिरला ने संपत्तियों की रक्षा करने तथा सटीक सर्वेक्षण और पैमाइश करने के संगठन के प्रयासों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी संतोष व्यक्त किया कि इस प्रक्रिया में नागरिकों को अनावश्यक विवादों या कठिनाइयों से बचाने का ध्यान रखा जा रहा है। अध्यक्ष महोदय ने इस बात पर भी जोर दिया कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रक्षा प्रतिष्ठानों और कर्मियों को समय पर भूमि की उपलब्धता और अनुकूल परिस्थितियां प्रदान करना आवश्यक है।
छावनियों के ऐतिहासिक और पारिस्थितिक महत्व के बारे में अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री बिरला ने कहा कि आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप ढाले जाने के समय उनके मूल स्वरूप, हरित आवरण, वनों और विरासत की रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि विकास की योजना सुविचारित ढंग से बनाई जानी चाहिए जिससे तीव्र शहरीकरण के बीच सैन्य छावनियों की विशिष्ट पहचान सुरक्षित रहे।
उन्होंने छावनी निवासियों के लिए संगठन द्वारा चलाई जा रही नागरिक पहलों—जिनमें स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, कंप्यूटर शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, जल संरक्षण और पुनर्चक्रण तथा पर्यावरण संरक्षण शामिल हैं—की सराहना की और समुदाय की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए सिविल समाज के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
संस्थागत निरंतरता पर बल देते हुए श्री बिरला ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पिछली एक शताब्दी में बनाए गए कानूनों, नियमों और प्रशासनिक ढांचों का अध्ययन करने तथा पूर्व अधिकारियों के अनुभवों से सीखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस संस्थागत अनुभव को युवा कर्मियों की तकनीकी दक्षता के साथ जोड़ने से अधिक सुदृढ़ प्रणालियों का निर्माण होगा।
श्री बिरला ने कहा कि आज जब रक्षा संपदा संगठन अपनी दूसरी शताब्दी में प्रवेश कर रहा है, हमें इसे ऐसा संस्थान बनाना चाहिए जो अपनी समृद्ध विरासत को दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ जोड़े । श्री बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि नवाचार, पारदर्शिता, तकनीकी प्रगति और जन सेवा के प्रति प्रतिबद्धता के माध्यम से यह संगठन देश की बहुमूल्य रक्षा भूमि की सुरक्षा, सशस्त्र बलों की परिचालन तैयारियों को सुदृढ़ करना और अपनी छावनियों की अद्वितीय विरासत को संरक्षित रखना जारी रखेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से समर्पण, दूरदर्शिता और राष्ट्रीय उद्देश्य की साझा भावना के साथ इस दायित्व को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
Comments (0)