LIVE

प्रधानमंत्री 21 नवम्‍बर को पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे


प्रधानमंत्री आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लेंगे

प्रधानमंत्री लखनऊ में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे

उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 21 नवम्‍बर, 2026 को पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह लगभग 9:45 बजे आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद वे बिहार के वैशाली जाएंगे, जहां विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। तत्पश्चात प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश जाएंगे। शाम लगभग 5:30 बजे वे लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

प्रधानमंत्री खड़गपुर में

प्रधानमंत्री आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लेंगे। वे संस्थान की 75 वर्षों की यात्रा के प्रतीक के रूप में आईआईटी खड़गपुर के 75 विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करेंगे।

वर्ष 1951 में स्थापित आईआईटी खड़गपुर देश में स्थापित होने वाला पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) था। राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त इस संस्थान ने भारत में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री लखनऊ में

प्रधानमंत्री 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। शैक्षणिक सत्र 2021-22 में शुरू हुआ कौशल दीक्षांत समारोह कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता को मान्यता देने और प्रशिक्षित युवाओं के प्रशिक्षण से कार्य-जगत में प्रवेश के अवसर को उत्सव के रूप में मनाया जाने वाला एक वार्षिक राष्ट्रीय मंच बनकर उभरा है। अपनी शुरुआत से ही इस समारोह में कौशल विकास इकोसिस्‍टम के अखिल भारतीय टॉपर्स और उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वालों को सम्मानित किया जाता रहा है। इससे व्यावसायिक शिक्षा और कुशल आजीविका के प्रति गौरव, उपलब्धि और आकांक्षा की भावना को बढ़ावा मिला है।

इस वर्ष औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीओटी) के राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »