पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 से पहले मान्यता प्राप्त मीडिया प्रतिनिधियों और जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के सहयोग से एक फिल्म एप्रिसिएशन कोर्स का आयोजन किया। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को कला के रूप में सिनेमा की गहरी समझ प्रदान करना तथा उन्हें सिनेमा की भाषा, सौंदर्यबोध और रचनात्मक प्रक्रियाओं से परिचित कराना था, ताकि वे महोत्सव और उसमें प्रदर्शित फिल्मों को अधिक समझदारी और बेहतर दृष्टिकोण के साथ देख सकें।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए, पीआईबी की महानिदेशक सुश्री स्मिता वत्स शर्मा ने सिनेमा को केवल मनोरंजन के माध्यम के रूप में देखने के बजाय उसकी अभिव्यक्ति शैली, दर्शन और दृश्य भाषा को समझने तथा सराहने के महत्व पर जोर दिया। श्री महेश कुमार ने सिनेमा को एक स्थानिक-कालिक एवं प्रौद्योगिकी-औद्योगिक कला रूप बताया। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि सिनेमा के सांस्कृतिक और सामाजिक प्रभाव को आकार देने में दृश्य तकनीकों, प्रौद्योगिकी और रचनात्मक प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
श्रीमती स्मिता वत्स शर्मा ने सिनेमा से जुड़ी मीडिया कवरेज में अधिक गहराई और गुणवत्ता लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मीडिया पेशेवरों से आग्रह किया कि वे सिनेमा से जुड़ी खबरों के व्यापक कवरेज के साथ-साथ फिल्म निर्माण के कलात्मक और तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दें, ताकि उनकी रिपोर्टिंग अधिक गहन और सार्थक बन सके। उन्होंने इस कार्यक्रम में जनसंचार के विद्यार्थियों को शामिल करने के महत्व को भी रेखांकित किया। साथ ही, प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया कि वे सत्रों, फिल्म प्रदर्शन और फिल्म निर्माताओं तथा सिनेमा जगत के अन्य पेशेवरों के साथ संवाद के अवसरों का पूरा लाभ उठाएं।
इस पाठ्यक्रम का संचालन एफटीआईआई के फैकल्टी सदस्यों प्रोफेसर डॉ. इंद्रनील भट्टाचार्य, स्क्रीन स्टडीज एंड रिसर्च और प्रोफेसर वैभव अभनावे, एसोसिएट प्रोफेसर, फिल्म निर्देशन ने किया। सत्रों में लेक्चर, फ़िल्म स्क्रीनिंग, परिचर्चा और विश्लेषणात्मक अभ्यासों को शामिल किया गया, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण के विभिन्न रूपों, सिनेमा के इतिहास और वैश्विक फिल्म निर्माण के सौंदर्यबोध से परिचित कराया गया। पाठ्यक्रम के प्रमुख विषयों में ‘सिनेमा में समय और स्थान’, ‘एनिमेटेड डॉक्यूमेंट्री’ और ‘संरचनात्मक विश्लेषण’ शामिल थे। कार्यक्रम का समापन फिल्म समीक्षा पर एक विशेष सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने पाठ्यक्रम के दौरान सीखी गई अवधारणाओं और आलोचनात्मक दृष्टिकोणों के आधार पर लाइफलाइन फिल्म का विश्लेषण किया।
उनके योगदान के सम्मान में एफटीआईआई के संकाय सदस्यों को गोवा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली विशेष रूप से तैयार कलाकृतियां भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले मीडिया प्रतिनिधियों को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात कुमार, एफटीआईआई के कुलपति एवं एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह तथा पीआईबी की महानिदेशक श्रीमती स्मिता वत्स शर्मा ने प्रमाणपत्र प्रदान किए।
सिनेमा के अकादमिक पहलुओं और उसके व्यावहारिक अनुभव को एक साथ जोड़ते हुए आयोजित इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों में फिल्मों को समझने, परखने और उनकी व्याख्या करने की क्षमता को विकसित करना था, ताकि वे 57वें इफ्फी में प्रदर्शित फिल्मों को अधिक गहराई और आलोचनात्मक दृष्टिकोण के साथ देख और समझ सकें।
Comments (0)