एनएफएससी फेलोशिप की सहायता से तय हुई सफलता की यात्रा
श्री सायन राय (बदला हुआ नाम) की यात्रा दर्शाती है कि समय पर मिली शैक्षिक सहायता किस प्रकार विद्यार्थियों को आर्थिक एवं भौगोलिक बाधाओं से उबरने, अनुसंधान के लिए आवश्यक संसाधनों तक पहुंच बनाने और अपनी शैक्षणिक आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद कर सकती है। यह यात्रा उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और उभरते हुए विद्वानों को शैक्षणिक समुदाय में सार्थक योगदान देने के लिए सशक्त बनाने में एनएफएससी योजना की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करती है।
32 वर्ष की आयु में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग निवासी अनुसूचित जाति के शोधार्थी श्री सायन राय दृढ़ संकल्प और अकादमिक अनुसंधान के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के साथ पीएच.डी. कर रहे हैं। हालांकि, गुणवत्तापूर्ण शोध कार्य करने की उनकी आकांक्षा के साथ कई वित्तीय चुनौतियां भी जुड़ी थीं। पूर्णकालिक शोधार्थी होने और आय के सीमित स्रोतों के कारण उनके लिए शैक्षणिक तथा दैनिक जीवन से जुड़े खर्चों को पूरा करना स्वयं और उनके परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती थी।
उनका परिवार पहले से ही उनके भाई-बहन की शिक्षा व्यय भी वहन कर रहा था। ऐसे में किराया, बिजली, आवास, पुस्तकें, लेखन सामग्री, प्रक्षेत्र अध्ययन और यात्रा से संबंधित खर्चों का प्रबंधन करना उनके लिए कठिन हो गया था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण वे अपना निजी लैपटॉप भी नहीं खरीद सके और उन्हें अक्सर उधार के उपकरणों तथा विश्वविद्यालय की सुविधाओं पर निर्भर रहना पड़ा था।
दार्जिलिंग की पहाड़ियों में इंटरनेट कनेक्टिविटी अनियमित रहने के कारण ऑनलाइन शैक्षणिक संसाधनों तक उनकी पहुंच भी प्रभावित होती थी। आर्थिक कठिनाइयों के चलते सम्मेलनों, कार्यशालाओं और संगोष्ठियों में भाग लेना भी उनके लिए मुश्किल था।
अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय फैलोशिप (एनएफएससी) योजना ने उनकी शैक्षणिक यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नवंबर 2022 से उन्हें फैलोशिप, मकान किराया भत्ता और आकस्मिक अनुदान के रूप में वित्तीय सहायता प्राप्त हो रही है।
अब तक उन्हें कुल 18,41,870 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। इस सहायता से उन्हें शिक्षा एवं दैनिक जीवन से जुड़े आवश्यक खर्चों को पूरा करने में मदद मिली है और वे अधिक आत्मविश्वास एवं स्थिरता के साथ अपना पीएच.डी. शोध कार्य जारी रख पा रहे हैं।

इस सहायता से उन्हें लैपटॉप खरीदने, विश्वसनीय इंटरनेट कनेक्शन प्राप्त करने तथा पुस्तकें, स्टेशनरी और शोध से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्री जुटाने में मदद मिली है। इसके अतिरिक्त, उन्हें सम्मेलनों और संगोष्ठियों के पंजीकरण शुल्क, यात्रा व्यय तथा प्रक्षेत्र अनुसंधान से संबंधित खर्चों को पूरा करने में भी सहायता मिली है। विशेष रूप से, इस सहायता से वे अपने शोध के एक महत्वपूर्ण घटक गहन प्रक्षेत्र अध्ययन को पूरा करने के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय रूप से भाग लेने में सक्षम हुए हैं।
आज श्री सायन राय आर्थिक अनिश्चितताओं में कमी के साथ अपने पीएच.डी. शोध कार्य पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं। इस फेलोशिप ने एक शोधार्थी के रूप में उनकी शैक्षणिक कार्यक्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाया है। साथ ही, शिक्षा एवं दैनिक जीवन के खर्चों के लिए परिवार पर उनकी निर्भरता भी कम हुई है।
Comments (0)