LIVE

वित्तीय सेवा विभाग ने विशेष अभियान 6 के अंतर्गत महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं; लगभग 7 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली किया गया और स्क्रैप निपटान से 4.12 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित


 यह अभियान देश भर में स्वच्छता और दक्षता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है

​​​​​​​1.20 लाख से अधिक स्वच्छता स्थलों को अभियान के दायरे में लाया गया, निर्धारित लक्ष्य का 134 प्रतिशत हासिल

वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) ने देशभर में अपने संबद्ध संगठनों, क्षेत्रीय कार्यालयों और स्वायत्त निकायों के साथ मिलकर स्वच्छता एवं लंबित मामलों के निपटारे के लिए आयोजित विशेष अभियान 6 के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

वित्तीय सेवा विभाग के सचिव ने अभियान के तहत संचालित गतिविधियों, स्वच्छता अभियानों और स्थान प्रबंधन संबंधी पहलों की समीक्षा के लिए विभाग के विभिन्न अनुभागों का दौरा किया।

विभाग ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी), सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों (पीएसआईसी), सार्वजनिक क्षेत्र के वित्तीय संस्थानों (पीएसएफआई), नियामक संस्थाओं, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) तथा ऋण वसूली न्यायाधिकरणों और ऋण वसूली अपीलीय न्यायाधिकरणों (डीआरटी/डीआरएटी) के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित कर देशव्यापी स्तर पर इस अभियान को गति प्रदान की। अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में स्वच्छता को संस्थागत कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना, मूल्यवान कार्यालयी स्थान को खाली कराना, कार्यालय परिसरों का सौंदर्यीकरण तथा कबाड़ और ई-कचरे का प्रभावी निपटान शामिल था।

चक्रीय अर्थव्यवस्था और रचनात्मक पुनःउपयोग को प्रोत्साहित करते हुए सार्वजनिक क्षेत्र के कई बैंकों ने ‘अपशिष्ट से कला’ (वेस्ट टू आर्ट) गतिविधियों के अंतर्गत, अनुपयोगी प्लास्टिक सामग्री, पुराने हार्डवेयर और खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुओं को कार्यालयों के भीतर और बाहर लगाए जाने वाले बैठने के बेंच, कुर्सियां, उपयोगी ट्रे, कूड़ेदान तथा सजावटी कार्यालयी मूर्तियां में परिवर्तित किया गया।

साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विभिन्न वीडियो और स्टैटिक कंटेंट साझा किया। इन जागरूकता पोस्ट के माध्यम से साइबर अपराधों और धोखाधड़ी से बचाव के लिए सुरक्षा संबंधी सुझाव एवं आवश्यक उपाय साझा किए गए। विशेष अभियान 6 के दौरान भारतीय स्टेट बैंक ने साइबर सुरक्षा पर एक ई-पुस्तिका भी जारी की।

वित्तीय सेवा विभाग और उसके संगठनों की प्रमुख उपलब्धियां:

  1. स्वच्छता अभियान/स्थलों/कार्यालयों की सफाई: 1,20,750
  2. खाली कराया गया कार्यालयी स्थान: 6,99,201 वर्ग फुट
  3. कबाड़ से अर्जित राजस्व: 4,12,58,987 रुपये
  4. जन शिकायतों का निपटारा: 31,327
  5. जन शिकायतों से संबंधित अपीलों का निपटारा: 3,564

वित्तीय सेवा विभाग और उसके संगठन बेहतर कार्यालयी सुविधाओं एवं कार्यस्थल प्रबंधन, डिजिटल सुरक्षा तथा जनसेवाओं के शीघ्र वितरण को संस्थागत कार्यसंस्कृति का स्थायी हिस्सा बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इस पहल के अंतर्गत विभिन्न संगठनों के ग्राहकों, कर्मचारियों, वरिष्ठ प्रबंधन और संगठनों के प्रमुखों ने भी अभियान के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों और उपलब्धियों को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर साझा किया।

चित्र में: वित्तीय सेवा विभाग के सचिव श्री संजय लोहिया में विशेष अभियान 6 के निरीक्षण के दौरान विभाग के एक अनुभाग की समीक्षा करते हुए ।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »