श्री पीयूष गोयल और जर्मनी की संघीय मंत्री कैथरीना रीचे ने औद्योगिक सहयोग और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर चर्चा की
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने भारत-जर्मनी व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए 22 अक्टूबर को बर्लिन में कई उच्च स्तरीय बैठकें कीं। इन बैठकों में जर्मन संघीय आर्थिक मामलों और ऊर्जा मंत्री सुश्री कैथरीना रीचे के साथ द्विपक्षीय बैठक, जर्मन काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस (डीजीएपी) में इंडिया सेंटर का उद्घाटन, भारत-जर्मनी व्यापार गोलमेज सम्मेलन और बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में भागीदारी शामिल थी।
श्री पीयूष गोयल और सुश्री रीचे ने द्विपक्षीय बैठक के दौरान, औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों और द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश को बढ़ाने के लिए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की संभावनाओं पर चर्चा की। दोनों मंत्रियों ने संयुक्त रूप से बर्लिन में डीजीएपी के भारत केंद्र का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य भारत-जर्मनी संबंधों पर नीतिगत अनुसंधान और संवाद को बढ़ावा देना है।
केंद्रीय मंत्रियों ने डीजीएपी और जर्मन व्यापार की एशिया-प्रशांत समिति (एपीए) के सहयोग से आयोजित भारत-जर्मनी व्यापार गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी की, जिसमें जर्मन सीईओ और व्यापारिक नेताओं ने भाग लिया। श्री गोयल ने अपने मुख्य भाषणों में विकास को गति देने और एक नए व्यापार युग की शुरुआत करने पर जोर दिया, जबकि सुश्री रीचे ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को औद्योगिक वास्तविकता में बदलने के विषय पर बात की। इसके बाद हुई चर्चा में भारत-यूरोपीय संघ के संभावित मुक्त व्यापार समझौते को ठोस व्यापार और निवेश के अवसरों में बदलने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
श्री पीयूष गोयल ने बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में “नया युग, नए गठबंधन: तीसरा मार्ग?” शीर्षक वाले पैनल संवाद सत्र में भाग लिया। इस चर्चा में उनके साथ जर्मन चांसलर के निवेश प्रतिनिधि श्री मार्टिन ब्लेसिंग, सिंगापुर के श्रम मंत्री और ऊर्जा एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. टैन सी लेंग, और मार्सेगाग्लिया स्टील की अध्यक्ष एवं सीईओ सुश्री एम्मा मार्सेगाग्लिया भी उपस्थित थीं। सत्र का संचालन प्रो. डॉ. लार्स-हेनड्रिक रोलर ने किया। श्री गोयल ने अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों में विश्वास, पूरक आर्थिक शक्तियों और सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाओं के महत्व का उल्लेख किया।
श्री गोयल ने बायर एजी के प्रबंधन बोर्ड के सदस्य और इसके फार्मास्युटिकल्स डिवीजन के अध्यक्ष श्री स्टीफन ओलरिच; नॉफ ग्रुप के प्रबंध भागीदार श्री मूरत अक्यिल्डिज; और फ्रेसेनियस एसई एंड कंपनी केजीएए के सीईओ श्री माइकल सेन के साथ व्यापार और निवेश सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए व्यक्तिगत बैठकें भी कीं।
श्री गोयल के साथ जर्मनी और नीदरलैंड की यात्रा पर लगभग 100 भारतीय व्यवसायों और स्टार्टअप्स का एक प्रतिनिधिमंडल भी है। बर्लिन में होने वाली ये बैठकें भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को, विशेष रूप से व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और औद्योगिक सहयोग के क्षेत्र में और अधिक मजबूत करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा हैं।
Comments (0)