LIVE

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सैन्य नर्सिंग सेवा के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 30 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में सैन्य नर्सिंग सेवा के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह समारोह सैन्य नर्सिंग सेवा की गौरवशाली विरासत और उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए वर्षभर आयोजित किए गए कार्यक्रमों की समाप्ति के रूप में संपन्न हुआ।

रक्षा राज्य मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सैन्य नर्सिंग सेवा के अधिकारियों की उत्कृष्ट सेवा, पेशेवर दृष्टिकोण और निस्वार्थ समर्पण की सराहना की। उन्होंने युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और शांतिकाल में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं तथा देश को सहयोग प्रदान करने में सैन्य नर्सिंग सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्लेख किया।

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा ने सैन्य नर्सिंग सेवा के अधिकारियों की अपने मरीजों के लिए पेशेवर प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता और अटूट समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने पिछले एक शताब्दी के दौरान सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा में सैन्य नर्सिंग सेवा के अमूल्य योगदान की भी सराहना की।

समापन समारोह की प्रमुख विशेषताओं में स्मारक सिक्के, ‘स्टील एंड ग्रेस’ नामक स्मृतिग्रंथ, ‘हीलिंग हैंड्स एंड ब्रेव हार्ट्स: एमएनएस@100’ नामक शताब्दी स्मारिका और ‘ग्लिम्प्सेज ऑफ ए ईयर ऑफ कमेमोरेशन’ नामक स्मारक वीडियो का विमोचन शामिल रहा। इस अवसर पर सैन्य नर्सिंग सेवा के इतिहास व विकास को दर्शाने वाली एक फोटो गैलरी का भी उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, सैन्य चिकित्सा सेवा के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल सीजी मुरलीधरन, थल सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन, अपर महानिदेशक सैन्य नर्सिंग सेवा मेजर जनरल रेचल थॉमस तथा दिल्ली छावनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

शताब्दी समारोहों ने सैन्य नर्सिंग सेवा की करुणा, पेशेवर उत्कृष्टता और राष्ट्र सेवा जैसे स्थायी मूल्यों के प्रति उसकी वचनबद्धता को दोहराया। यह समारोह सैन्य नर्सिंग सेवा के शताब्दी वर्ष की विषय-वस्तु “अतीत का सम्मान, वर्तमान को संवारना और भविष्य को प्रेरित करना” के अनुरूप आयोजित किए गए।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »