LIVE

नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भारत के आध्यात्मिक केंद्रों को मध्य भारत के रास्ते महाराष्ट्र के आर्थिक एवं सांस्कृतिक शहरों से जोड़ेंगी

नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भारत के आध्यात्मिक केंद्रों को मध्य भारत के रास्ते महाराष्ट्र के आर्थिक एवं सांस्कृतिक शहरों से जोड़ेंगी

भारतीय रेल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए एक दैनिक (बनारस-हड़पसर) और एक साप्ताहिक (अयोध्या-मुंबई) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू करने जा रहा है, जो मध्य प्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश को महाराष्ट्र से जोड़ेगी। प्रमुख सांस्कृतिक और आर्थिक गलियारों से गुजरने वाली ये ट्रेनें बड़ी जनसंख्या वाले शहरों के बीच संबंधों को मजबूत करेंगी और साथ ही तीर्थयात्रियों व श्रमिक वर्ग के लिए यात्रा को अधिक सुगम बनाएंगी। आम आदमी के लिए डिज़ाइन की गई अमृत भारत एक्सप्रेस आराम, सुविधा और किफ़ायती यात्रा का एक अनूठा मिश्रण प्रदान करती है, जो देश में समावेशी और सुलभ रेल यात्रा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 28 अप्रैल, 2026 को दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों: बनारस-हड़पसर (पुणे) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

https://platform.twitter.com/embed/Tweet.html?dnt=false&embedId=twitter-widget-0&features=eyJ0ZndfdGltZWxpbmVfbGlzdCI6eyJidWNrZXQiOltdLCJ2ZXJzaW9uIjpudWxsfSwidGZ3X2ZvbGxvd2VyX2NvdW50X3N1bnNldCI6eyJidWNrZXQiOnRydWUsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfdHdlZXRfZWRpdF9iYWNrZW5kIjp7ImJ1Y2tldCI6Im9uIiwidmVyc2lvbiI6bnVsbH0sInRmd19yZWZzcmNfc2Vzc2lvbiI6eyJidWNrZXQiOiJvbiIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfZm9zbnJfc29mdF9pbnRlcnZlbnRpb25zX2VuYWJsZWQiOnsiYnVja2V0Ijoib24iLCJ2ZXJzaW9uIjpudWxsfSwidGZ3X21peGVkX21lZGlhXzE1ODk3Ijp7ImJ1Y2tldCI6InRyZWF0bWVudCIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfZXhwZXJpbWVudHNfY29va2llX2V4cGlyYXRpb24iOnsiYnVja2V0IjoxMjA5NjAwLCJ2ZXJzaW9uIjpudWxsfSwidGZ3X3Nob3dfYmlyZHdhdGNoX3Bpdm90c19lbmFibGVkIjp7ImJ1Y2tldCI6Im9uIiwidmVyc2lvbiI6bnVsbH0sInRmd19kdXBsaWNhdGVfc2NyaWJlc190b19zZXR0aW5ncyI6eyJidWNrZXQiOiJvbiIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfdXNlX3Byb2ZpbGVfaW1hZ2Vfc2hhcGVfZW5hYmxlZCI6eyJidWNrZXQiOiJvbiIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfdmlkZW9faGxzX2R5bmFtaWNfbWFuaWZlc3RzXzE1MDgyIjp7ImJ1Y2tldCI6InRydWVfYml0cmF0ZSIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfbGVnYWN5X3RpbWVsaW5lX3N1bnNldCI6eyJidWNrZXQiOnRydWUsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfdHdlZXRfZWRpdF9mcm9udGVuZCI6eyJidWNrZXQiOiJvbiIsInZlcnNpb24iOm51bGx9fQ%3D%3D&frame=false&hideCard=false&hideThread=false&id=2048691528508530955&lang=en&origin=https%3A%2F%2Fwww.pib.gov.in%2FPressReleasePage.aspx%3FPRID%3D2256089%26reg%3D3%26lang%3D2&sessionId=ba501f4c66a3c7f867a4f075936515816ff523e3&theme=light&widgetsVersion=2615f7e52b7e0%3A1702314776716&width=550px

कम और मध्यम आय वाले परिवारों के लिए शुरू की गई अमृत भारत ट्रेनें पूरी तरह से नॉन-एसी और आधुनिक सेवाएं हैं, जिन्हें सुरक्षा और यात्री सुविधा पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए डिज़ाइन किया गया है। जनरल और स्लीपर श्रेणी के कोचों, पेंट्री और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित इन ट्रेनों में कई उन्नत विशिष्टताओं को शामिल किया गया है। यात्रियों को वंदे भारत स्लीपर से प्रेरित सीटों और बर्थों की बेहतर बनावट, जर्क-फ्री सेमी-ऑटोमैटिक कपलर्स के माध्यम से उत्कृष्ट यात्रा गुणवत्ता और दुर्घटना-रोधी कोच डिज़ाइन के साथ उच्च सुरक्षा मानकों का लाभ मिलता है।

ये ट्रेनें सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन टॉक-बैक सिस्टम, एयरोसोल-आधारित अग्निशमन प्रणाली और पूरी तरह से सीलबंद गैंगवे जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य प्रमुख विशिष्टताओं में उन्नत शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, यूएसबी टाइप-ए और टाइप-सी पोर्ट के साथ मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सुगम एर्गोनोमिक सीढ़ियां और अधिक हीटिंग क्षमता वाली नॉन-एसी पेंट्री शामिल हैं, जो एक सुरक्षित, सुगम और अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करती हैं। दोनों ट्रेनें पुश-पुल तकनीक पर आधारित हैं, जिसमें गति को बेहतर बनाने के लिए ट्रेन के दोनों सिरों पर लोकोमोटिव लगाए गए हैं।

बनारस-हड़पसर (पुणे) सेवा से काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंच और अधिक सुगम हो जाएगी, वहीं अयोध्या-मुंबई सेवा श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र के लिए कनेक्टिविटी में सुधार करेगी, जिससे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क सुदृढ़ होगा। इन ट्रेनों से विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, प्रवासी श्रमिकों और तीर्थयात्रियों को लाभ होने की उम्मीद है। यह सेवा उन्हें सीधा संपर्क प्रदान करेगी, जिससे बार-बार ट्रेन बदलने की असुविधा समाप्त हो जाएगी।

बनारस-हड़पसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस

विश्व की प्राचीनतम नगरी होने का गौरव रखने वाला बनारस इस रूट का प्रस्थान केंद्र है, जहाँ की परंपराएँ और संस्कृति आज भी उतनी ही जीवंत हैं। ‘काशी’ के रूप में पूजनीय यह नगरी लाखों तीर्थयात्रियों को पवित्र काशी विश्वनाथ धाम और गंगा के उन शांत घाटों की ओर आकर्षित करती है, जहाँ आध्यात्मिकता स्वयं पतित-पावनी गंगा की तरह प्रवाहित होती है। अपनी धार्मिक महत्ता से परे, यह शहर बनारसी रेशम उद्योग का जीवंत केंद्र भी है, जो अनगिनत बुनकरों और शिल्पकारों की आजीविका का मुख्य आधार है।

अक्सर भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विख्यात और देश के सर्वाधिक जनसंख्या वाले राज्य में स्थित काशी केवल एक गंतव्य नहीं, बल्कि एक ऐसा द्वार है जहाँ आध्यात्मिक संतुष्टि और आर्थिक अवसरों की आकांक्षाओं का संगम होता है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से भारतीय रेल इस यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है, जो जनमानस, आस्था और समृद्धि को एक साथ ला रही है। पुणे के लिए यह सीधी और किफायती रेल सेवा स्थानीय व्यापारियों के लिए नए बाजार के अवसर खोलेगी और साथ ही बड़ी संख्या में वहां कार्यरत प्रवासी श्रमिकों के आवागमन को भी सुगम बनाएगी।

इस रेल मार्ग का अंतिम गंतव्य हड़पसर पुणे महानगर का हिस्सा है, जिसे देश की शिक्षा का केंद्र, सांस्कृतिक राजधानी और कला की राजधानी के रूप में जाना जाता है। पश्चिमी घाट की सुरम्य पहाड़ियों की गोद में बसा पुणे, प्राकृतिक सुंदरता और गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का एक अनूठा संगम है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका से लेकर मुगल विस्तार के दौर में प्रतिरोध के गढ़ के रूप में अपनी पहचान बनाने तक, यह शहर सदैव वीरता और सांस्कृतिक गौरव के अग्रणी स्तंभों में शामिल रहा है। इसके साथ ही, पुणे देश के प्रमुख रक्षा प्रतिष्ठानों का केंद्र भी है, जिसमें विख्यात खड़कवासला जैसे संस्थान शामिल हैं, जो इसे एक महत्वपूर्ण रक्षा हब का दर्जा प्रदान करते हैं।

आज, विरासत से समृद्ध यह शहर एक उभरते हुए आर्थिक शक्ति केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है। यहाँ स्थित प्रमुख आईटी पार्क्स और विशेष आर्थिक क्षेत्र इसे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के महत्वाकांक्षी युवाओं और रोजगार की तलाश में आने वाले प्रवासियों के लिए एक स्वाभाविक गंतव्य बनाते हैं। इस प्रकार, यह शहर परंपरा और अवसरों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहा है।

जैसे ही यह ट्रेन बनारस से अपनी पश्चिम की ओर की यात्रा शुरू करती है, इसके शुरुआती पड़ावों में से एक प्रयागराज है। त्रिवेणी संगम और कुंभ मेले की पावन धरा होने के साथ-साथ यह इलाहाबाद विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों के कारण एक प्रमुख शिक्षा केंद्र भी है। आईटी और  मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र पुणे के साथ यह रेल संपर्क सीधे तौर पर प्रयागराज के उन छात्रों और पेशेवरों को लाभान्वित करेगा, जो महाराष्ट्र में नए अवसरों की तलाश में हैं।

बुंदेलखंड के भीतरी इलाकों में प्रवेश करते हुए, यह ट्रेन झांसी पहुँचती है, जो भारत के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन सर्किटों में से एक का प्रवेश द्वार है। इसमें ओरछा और खजुराहो जैसे ऐतिहासिक स्थल शामिल हैं। बेहतर रेल कनेक्टिविटी न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि इस क्षेत्र के कृषि उत्पादों और सैंडस्टोन उत्पादों को दक्षिण के बाजारों तक पहुँचाने में भी सुगमता प्रदान करेगी।

मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते हुए, यह यात्रा राज्य की प्रशासनिक राजधानी भोपाल (रानी कमलापति) पहुँचती है, जहाँ आईटी और फार्मा क्षेत्र का तेजी से विस्तार हो रहा है, विशेष रूप से मंडीदीप औद्योगिक गलियारे के आस-पास। पुणे के लिए यह दैनिक सीधी रेल सेवा दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले व्यापारियों, छात्रों और सरकारी कर्मचारियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।”

इसके पश्चात यह ट्रेन इटारसी और नर्मदापुरम से होकर गुजरती है, जो सम्मिलित रूप से मध्य प्रदेश की सबसे उत्पादक कृषि क्षेत्रों में से एक हैं, जहाँ गेहूँ, सोयाबीन और दलहन की प्रचुर पैदावार होती है। इस मार्ग में इन स्टेशनों के जुड़ने से किसानों और व्यापारियों को महाराष्ट्र के थोक बाजारों तक तेज और सस्ती पहुँच मिलेगी, जिससे लॉजिस्टिक्स के खर्च में काफी कमी आएगी।

जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती है और ट्रेन दक्कन के पठार की ओर उतरती है, जलगांव का दृश्य सामने आता है, जिसे ‘भारत के केला उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी जिला’ कहा जाता है। केला और कपास के सबसे बड़े उत्पादकों में से एक होने के नाते, पुणे के लिए यह सीधा रेल मार्ग यहाँ के कृषि व्यापारियों को अधिक कुशल बाजार पहुंच प्रदान करेगा। वहीं, एक प्रमुख रेलवे जंक्शन और विशाल थर्मल पावर प्लांट का केंद्र होने के कारण, भुसावल के बड़े श्रमिक वर्ग को अब और बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

इसके पश्चात यह यात्रा यात्रियों को मनमाड और कोपरगांव ले जाती है, जो सम्मिलित रूप से शिरडी के मुख्य रेल प्रवेश द्वार हैं। साईं बाबा की पावन धरा शिरडी में प्रतिवर्ष उत्तर भारत से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के तीर्थयात्रियों के लिए शिरडी पहुँचने का एक अधिक सीधा और किफायती मार्ग प्रशस्त करती है, जिससे स्थानीय धार्मिक पर्यटन अर्थव्यवस्था को भी ठोस प्रोत्साहन मिलेगा।

जैसे ही यह ट्रेन महाराष्ट्र के सांस्कृतिक और आर्थिक हृदयस्थल में अपनी यात्रा के अंतिम चरण में पहुँचती है, इसका गंतव्य हड़पसर सामने आता है। पुणे का यह सबसे तेजी से विकसित होता उपनगर, प्रमुख आईटी पार्क्स और विशेष आर्थिक क्षेत्रों का केंद्र है। अपनी इसी औद्योगिक पहचान के कारण, यह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से आने वाले महत्वाकांक्षी युवाओं और रोजगार की तलाश में आने वाले प्रवासियों के लिए एक स्वाभाविक गंतव्य बन गया है।

बनारस-हड़पसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस की उद्घाटन सेवा शाम को बनारस से प्रस्थान करेगी और अगले दिन देर रात हड़पसर (पुणे) पहुँचेगी। यह ट्रेन लगभग 30 घंटे में अपनी यात्रा पूरी करेगी। अपने संपूर्ण मार्ग में यह ट्रेन 18 स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर और दौंड शामिल हैं, जिसका अंतिम पड़ाव हड़पसर होगा।

अयोध्या-मुंबई (एलटीटी) अमृत भारत एक्सप्रेस

अयोध्या आज देश के सबसे तेजी से बढ़ते तीर्थस्थल और पर्यटन केंद्रों में से एक के रूप में उभर कर सामने आई है, जहाँ प्रतिवर्ष राष्ट्र के कोने-कोने से करोड़ों श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। यह शहर एक व्यापक इन्फ्रास्ट्रक्चर के कायाकल्प का केंद्र बना हुआ है, जहाँ नए हवाई अड्डों, एक्सप्रेसवे और होटलों ने रातों-रात इसकी रूपरेखा बदल दी है। इसके बावजूद, उन अधिकांश श्रद्धालुओं के लिए—जो विमान से नहीं बल्कि स्लीपर कोच में यात्रा करते हैं और जो फाइव-स्टार होटलों के बजाय धर्मशालाओं में ठहरते हैं—यह नई अमृत भारत सेवा, सपनों के शहर मुंबई के लिए एक किफायती और सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करती है।

मुंबई, भारत की वित्तीय राजधानी और उत्तर प्रदेश व बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए लाखों प्रवासियों का घर है। इस समुदाय के लिए अपने पैतृक स्थान से जुड़ाव केवल भावनात्मक नहीं, बल्कि आर्थिक भी है। मुंबई से हर महीने अयोध्या, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ जैसे जनपदों के गाँवों में भेजी जाने वाली धनराशि न केवल परिवारों का भरण-पोषण करती है, बल्कि उनके भविष्य की नींव भी रखती है। इसके बावजूद, त्योहारों, शादियों, आपातकालीन स्थितियों या अपनों के बीच लौटने की चाह में की जाने वाली यह यात्रा लंबे समय से महंगी, थकाऊ और अनिश्चित रही है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस—जो मुंबई का सबसे व्यस्त लंबी दूरी का टर्मिनल है और उत्तर भारतीय यात्रियों का मुख्य प्रवेश द्वार है—के लिए सीधी और किफायती अमृत भारत एक्सप्रेस इस समीकरण को पूरी तरह बदल देती है। यह सेवा केवल दो शहरों को नहीं जोड़ती, बल्कि लोगों को उनकी जड़ों से पुनः जोड़ती है। यह घर से जुड़े रहने की लागत को कम करती है और भारत के सबसे मेहनती प्रवासी समुदायों में से एक को वह सम्मानजनक सुविधा प्रदान करती है, जिसके वे लंबे समय से हकदार थे।

https://platform.twitter.com/embed/Tweet.html?dnt=false&embedId=twitter-widget-1&features=eyJ0ZndfdGltZWxpbmVfbGlzdCI6eyJidWNrZXQiOltdLCJ2ZXJzaW9uIjpudWxsfSwidGZ3X2ZvbGxvd2VyX2NvdW50X3N1bnNldCI6eyJidWNrZXQiOnRydWUsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfdHdlZXRfZWRpdF9iYWNrZW5kIjp7ImJ1Y2tldCI6Im9uIiwidmVyc2lvbiI6bnVsbH0sInRmd19yZWZzcmNfc2Vzc2lvbiI6eyJidWNrZXQiOiJvbiIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfZm9zbnJfc29mdF9pbnRlcnZlbnRpb25zX2VuYWJsZWQiOnsiYnVja2V0Ijoib24iLCJ2ZXJzaW9uIjpudWxsfSwidGZ3X21peGVkX21lZGlhXzE1ODk3Ijp7ImJ1Y2tldCI6InRyZWF0bWVudCIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfZXhwZXJpbWVudHNfY29va2llX2V4cGlyYXRpb24iOnsiYnVja2V0IjoxMjA5NjAwLCJ2ZXJzaW9uIjpudWxsfSwidGZ3X3Nob3dfYmlyZHdhdGNoX3Bpdm90c19lbmFibGVkIjp7ImJ1Y2tldCI6Im9uIiwidmVyc2lvbiI6bnVsbH0sInRmd19kdXBsaWNhdGVfc2NyaWJlc190b19zZXR0aW5ncyI6eyJidWNrZXQiOiJvbiIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfdXNlX3Byb2ZpbGVfaW1hZ2Vfc2hhcGVfZW5hYmxlZCI6eyJidWNrZXQiOiJvbiIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfdmlkZW9faGxzX2R5bmFtaWNfbWFuaWZlc3RzXzE1MDgyIjp7ImJ1Y2tldCI6InRydWVfYml0cmF0ZSIsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfbGVnYWN5X3RpbWVsaW5lX3N1bnNldCI6eyJidWNrZXQiOnRydWUsInZlcnNpb24iOm51bGx9LCJ0ZndfdHdlZXRfZWRpdF9mcm9udGVuZCI6eyJidWNrZXQiOiJvbiIsInZlcnNpb24iOm51bGx9fQ%3D%3D&frame=false&hideCard=false&hideThread=false&id=2048669325364715534&lang=en&origin=https%3A%2F%2Fwww.pib.gov.in%2FPressReleasePage.aspx%3FPRID%3D2256089%26reg%3D3%26lang%3D2&sessionId=ba501f4c66a3c7f867a4f075936515816ff523e3&theme=light&widgetsVersion=2615f7e52b7e0%3A1702314776716&width=550px

जैसे ही यह ट्रेन शाम के समय अयोध्या कैंट से प्रस्थान कर अपनी लंबी दक्षिण की ओर यात्रा शुरू करती है, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ इसके शुरुआती पड़ावों में शामिल होते हैं। ये शहर पूर्वी उत्तर प्रदेश के उस मुख्य क्षेत्र में स्थित हैं, जो मुख्य रूप से कृषि प्रधान और सघन आबादी वाला क्षेत्र है। यह क्षेत्र लंबे समय से उस बड़े प्रवासी कार्यबल का घर रहा है, जो रोजगार के लिए मुंबई की यात्रा करता है। पूर्व में, इस यात्रा का अर्थ अक्सर भीड़भाड़ और कठिन परिस्थितियों में बिताए गए लंबे घंटे होता था। लेकिन अब, इस समर्पित अमृत भारत सेवा की शुरुआत इन समुदायों को यात्रा का एक अधिक आरामदायक, विश्वसनीय और सम्मानजनक विकल्प प्रदान करती है।

इसके पश्चात यह ट्रेन प्रयागराज में रुकती है, जो भारत के सबसे पवित्र संगमों में से एक है। सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ की ही भांति यहाँ के छात्रों और पेशेवरों की एक बड़ी आबादी लंबे समय से अवसरों की तलाश में मुंबई की ओर रुख करती रही है। यहाँ से यह यात्रा विंध्य क्षेत्र में प्रवेश करती है, जहाँ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित मानिकपुर और सतना जैसे स्टेशन इस रेल मार्ग से जुड़ते हैं। यह क्षेत्र अपने सीमेंट उद्योग, खनिज संसाधनों और पत्थर की खदानों के लिए विख्यात है। यह नई सेवा न केवल इन उद्योगों को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि मध्य भारत और उसके आगे के क्षेत्रों में यात्रियों के आवागमन को भी सुदृढ़ बनाएगी।

मध्य प्रदेश के अंदर क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए, यह यात्रा जबलपुर पहुँचती है, जो राज्य का एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक, न्यायिक और शैक्षिक केंद्र है। नर्मदा नदी के तट पर स्थित विश्व प्रसिद्ध भेड़ाघाट की संगमरमरी चट्टानों के लिए विख्यात यह शहर अब इस रेल मार्ग का हिस्सा बन गया है। यहाँ के छात्रों और पेशेवरों को अब मुंबई के प्रमुख रोजगार केंद्रों के लिए पहले से बेहतर और किफायती रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।

जबलपुर से आगे बढ़ते हुए, यह ट्रेन दक्षिण की दिशा में इटारसी पहुँचती है, जो एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन होने के साथ-साथ एक प्रमुख कृषि केंद्र भी है। इसके बाद यह ट्रेन भुसावल और जलगांव से होकर गुजरती है, जो महाराष्ट्र के कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों के मुख्य पड़ाव हैं। यहाँ से भू-दृश्य धीरे-धीरे बदलने लगता है और ट्रेन दक्कन के पठार में प्रवेश करती है।

नासिक रोड के साथ यह ट्रेन यात्रा महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र में प्रवेश करती है, जो अपनी फलती-फूलती वाइन इंडस्ट्री और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग तीर्थ सर्किट की महत्ता के लिए प्रसिद्ध है। जैसे-जैसे ट्रेन अपने अंतिम गंतव्य के करीब पहुँचती है, इसके आखिरी दो पड़ाव—कल्याण और ठाणे—सामने आते हैं। मुंबई की विशाल उपनगरीय पट्टी का हिस्सा होने के कारण ये क्षेत्र लाखों कामकाजी परिवारों का घर हैं, जिनमें से एक बड़ी आबादी की जड़ें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से जुड़ी हैं।

यहाँ से, यह ट्रेन धीरे-धीरे अपनी यात्रा के अंतिम चरण में प्रवेश करती है और अंततः लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुँचती है, जो उत्तर और पूर्वी भारत से आने वाले लंबी दूरी के यात्रियों के लिए मुंबई का मुख्य प्रवेश द्वार है। बहुत से यात्रियों के लिए, यह केवल एक रेल यात्रा का समापन नहीं है, बल्कि एक अत्यंत व्यक्तिगत और भावनात्मक सफर का अंत है—जो अक्सर लंबे समय के अंतराल के बाद अपने घर लौटने जैसा सुखद अनुभव है।

अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन शाम को अयोध्या कैंट से शुरू होगा और अगले दिन देर शाम मुंबई एलटीटी पर समाप्त होगा। यह ट्रेन लगभग 28 घंटे में अपनी यात्रा पूरी करेगी। अपने संपूर्ण मार्ग में यह ट्रेन 12 मुख्य स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, एम.बी.डी. प्रतापगढ़, प्रयागराज जंक्शन, मानिकपुर जंक्शन, सतना, जबलपुर, इटारसी जंक्शन, भुसावल जंक्शन, जलगांव जंक्शन, नासिक रोड और कल्याण जंक्शन शामिल हैं, जिसका अंतिम पड़ाव लोकमान्य तिलक टर्मिनस होगा।

इन दो नई सेवाओं के शुभारंभ के साथ ही, देश में परिचालन में आने वाली कुल अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवाओं की संख्या बढ़कर 66 हो जाएगी।

कुल मिलाकर, ये दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाएँ धार्मिक, आर्थिक और सामाजिक कनेक्टिविटी को एकीकृत करने के व्यापक विजन को दर्शाती हैं। भारत के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण शहरों को विश्वस्तरीय परिवहन संपर्कों से जोड़कर और साथ ही छात्रों, श्रमिकों व परिवारों की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करके, ये परियोजनाएं समावेशी राष्ट्रीय विकास की आधारशिला के रूप में रेलवे की भूमिका को रेखांकित करती हैं।

जिस प्रकार वंदे भारत ट्रेनों ने अपनी गति और आधुनिक सुख-सुविधाओं के साथ प्रीमियम रेल यात्रा को एक नई परिभाषा दी है, उसी प्रकार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी निरंतर अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं। ये ट्रेनें उन करोड़ों आम भारतीयों के लिए भारतीय रेलवे का एक सुलभ और आरामदायक विकल्प बनकर उभरी हैं, जो इस विशाल राष्ट्र को निरंतर गतिमान बनाए रखते हैं।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »