LIVE

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय 4 से 10 मई 2026 तक संपूर्ण भारत में ‘अग्नि सुरक्षा सप्ताह’ मनाएगा

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलीला श्रीवास्तव कल नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में अग्नि सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन करेंगी और स्वास्थ्य सुविधाओं में अग्नि सुरक्षा पर शपथ का नेतृत्व करेंगी

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों के सहयोग से, देश भर के स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों में आग के खतरों की रोकथाम और शमन के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए 4 से 10 मई 2026 तक संपूर्ण भारत में ‘अग्नि सुरक्षा सप्ताह’ मनाएगा।

इस आयोजन का औपचारिक उद्घाटन कल नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन-1 में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलीला श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के साथ ही पूरे देश में सप्ताह भर चलने वाली जागरूकता और तैयारी संबंधी गतिविधियों की श्रृंखला का शुभारंभ होगा।

उद्घाटन समारोह के एक भाग के रूप में, स्वास्थ्य सचिव द्वारा ‘स्वास्थ्य सुविधाओं में अग्नि सुरक्षा’ पर एक शपथ दिलाई जाएगी, जो अग्नि सुरक्षा मानदंडों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, तैयारियों को मजबूत करने और स्वास्थ्य संस्थानों के भीतर सुरक्षा की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सभी हितधारकों की प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगी।

सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन के दौरान, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश जागरूकता अभियान, मॉक ड्रिल, क्षमता निर्माण पहल और अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रसार सहित कई प्रकार की गतिविधियां करेंगे, जिनका उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों और प्रशासकों को अग्नि निवारण, आपातकालीन प्रतिक्रिया और निकासी प्रक्रियाओं के प्रति संवेदनशील बनाना है।

यह आयोजन मंत्रालय की उस निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जिसके अंतर्गत रोगियों, स्वास्थ्यकर्मियों और महत्वपूर्ण अवसंरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मजबूत अग्नि सुरक्षा तंत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के सभी स्तरों पर सुरक्षा एवं तैयारियों की संस्कृति को सुदृढ़ किया जा रहा है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »