LIVE

विषय:- होली पर्व के कुशल संपादन एवं श्रद्धालुओं हेतु सुविधाओं के सम्बन्ध में I*

दिनांक 28 फरवरी 2026 को श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित सभागार (बोर्ड रूम) में आगामी होली पर्व के दृष्टिगत व्यवस्थाओं की समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग, सी०आर०पी०एफ०, धाम में कार्यरत प्राइवेट सफाई एजेंसी, प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी तथा मंदिर प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में होली पर्व के अवसर पर धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन, तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया कि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं आध्यात्मिक वातावरण में होली उत्सव का अनुभव प्राप्त हो। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि होली पर्व के दिन धाम स्थित शंकराचार्य चौक में प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक श्रद्धालुओं हेतु “पुष्प होली” का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पुष्प वर्षा के माध्यम से भक्तगण आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में होली उत्सव में सहभागिता कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, होली पर्व की गरिमा को ध्यान में रखते हुए कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनमें भजन, होली गीत एवं पारंपरिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में पर्व का आनंद प्रदान करना है। सुरक्षा की दृष्टि से धाम परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। सी०आर०पी०एफ० एवं प्राइवेट सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु प्राइवेट सफाई एजेंसी द्वारा निरंतर सफाई सुनिश्चित की जाएगी। मंदिर प्रशासन द्वारा सभी श्रद्धालुओं से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे धाम में केमिकल युक्त रंग, अबीर अथवा किसी भी प्रकार के हानिकारक पदार्थ लेकर न आएं। धाम की पवित्रता, स्वच्छता एवं संरचना की सुरक्षा के दृष्टिगत केवल पुष्प होली के माध्यम से ही उत्सव मनाया जाए। मंदिर प्रशासन, पुलिस विभाग एवं समस्त सहयोगी संस्थाएं श्रद्धालुओं के सहयोग की अपेक्षा करती हैं, ताकि होली पर्व को सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया जा सके। *II श्री काशीविश्वनाथो विजयतेतराम II*

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »