श्री काशी विश्वनाथ धाम में भूलवश अधिक जमा धनराशि श्रद्धालु को लौटाई गई, श्रद्धालु के प्रति संवेदनशील व्यवहार हेतु पंडा सम्मानित।

श्री काशी विश्वनाथ धाम में ब्रम्हदत्त शर्मा नामक श्रद्धालु अपने परिवार सहित पंडा समाज के संजय पांडेय के साथ श्री विश्वेश्वर के दर्शन हेतु पधारे। उन्हें सुगम दर्शन के लिए चार व्यक्तियों के अनुसार 1200 रुपये जमा करने थे, किन्तु ऑनलाइन पेमेंट करते समय उनके द्वारा मंदिर के खाते में 10,659 रुपये जमा हो गए। उनके बैंक खाते में धनराशि समाप्त हो गई और वह सपरिवार परेशानी में आ गए।

श्रद्धालु परिवार को घबराहट एवं चिंतित अवस्था में देख पंडा समाज के श्री संजय पांडेय कार्यालय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी के समक्ष लेकर पहुंचे। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने श्रद्धालुओं की समस्या को गंभीरता से सुना। विचार-विमर्श एवं स्थिति की जांच के उपरांत अतिरिक्त जमा की गई धनराशि श्रद्धालुओं को प्रार्थनापत्र लेकर बैंक विवरण का सत्यापन कर लौटा दी गई।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा संजय पांडेय ( पंडा ) को उनकी सजगता, श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशीलता एवं सहृदय आचरण के लिए प्रशंसा सहित पुरस्कृत भी किया गया।

धाम प्रशासन सदैव श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं संतोष के लिए प्रतिबद्ध है। मंदिर न्यास श्री संजय पांडेय, तीर्थ पंडा समाज की संवेदनशील आचरण एवं अपनी वृत्ति के समय में भी श्रद्धालु के सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता की भूरि भूरि प्रशंसा करता है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »