LIVE

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने दार्जिलिंग के कुर्सियांग में चाय उद्योग के हितधारकों के साथ संवाद की अध्यक्षता की


विचार विमर्श के दौरान दार्जिलिंग चाय उद्योग को पुनर्जीवित करने, चाय की नीलामी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और निर्यात बढ़ाने पर ध्‍यान केंद्रित किया गया

भारत काली चाय का विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक और तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक बना हुआ है, वित्त वर्ष 2025-26 में चाय का निर्यात 988.13 मिलियन डॉलर दर्ज किया गया

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने भारतीय चाय बोर्ड द्वारा पश्चिम बंगाल के कुर्सियांग में आयोजित चाय उद्योग के हितधारकों के साथ संवाद की अध्यक्षता की। इस बैठक में दार्जिलिंग के सांसद श्री राजू बिष्ट और कुर्सियांग के विधायक श्री सोनम लामा भी उपस्थित रहे।

इस संवाद में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न चाय संघों के प्रतिनिधियों और भारतीय चाय उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया। इस बैठक में भारतीय चाय क्षेत्र की दीर्घकालिक वृद्धि, स्थिरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख चुनौतियों, उभरते अवसरों और आवश्यक उपायों के बारे में रचनात्मक विचार-विमर्श किया गया।

भारत विश्व में काली चाय का सबसे बड़ा उत्पादक और चाय का तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक बना हुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारत ने 28.211 करोड़ किलोग्राम चाय का निर्यात किया, जिसका मूल्य 988.13 मिलियन डॉलर रहा, जो देश की कृषि अर्थव्यवस्था और निर्यात से होने वाली आय में चाय क्षेत्र के महत्त्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।

दार्जिलिंग चाय उद्योग को पुनर्जीवित करने, चाय नीलामी प्रणाली को अधिक प्रभावी, तेज और सुदृढ़ बनाने, चाय अनुसंधान को मजबूत करने, गुणवत्ता में सुधार लाने, निर्यात को बढ़ावा देने, चाय श्रमिकों के कल्याण तथा निर्यात संवर्धन मिशन (ईपीएम) के तहत की जा रही पहलों सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

मौजूदा चाय नीलामी प्रणाली को अधिक सुदृढ़, कुशल, तेज और उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए व्यापक विचार-मंथन सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान प्रौद्योगिकी आधारित सुधारों, अधिक पारदर्शिता, परिचालन दक्षता में वृद्धि और लेन-देन संबंधी कठिनाइयों को कम करने के महत्त्व पर जोर दिया गया।

चाय उद्योग की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला से जुड़े हितधारकों के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाने, कार्यक्षमता में सुधार करने और अधिक अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर देते हुए, व्यापार सुगमता को एक प्रमुख प्राथमिकता के रूप में रेखांकित किया गया।

भारतीय चाय के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लक्षित प्रचारात्मक उपायों और भारत सरकार के निर्यात संवर्धन मिशन के तहत उपलब्ध अवसरों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। हितधारकों ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारत की उपस्थिति का विस्तार करने, वैश्विक स्तर पर भारतीय चाय की स्थिति को मजबूत करने, बाजार तक पहुंच में सुधार करने और निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए सुझाव साझा किए। चर्चाओं में पारंपरिक और उभरते बाजारों, दोनों में भारतीय चाय को बढ़ावा देने के लिए सरकार, भारतीय चाय बोर्ड और उद्योग जगत के हितधारकों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता को भी रेखांकित किया गया।

इस संवाद के दौरान भारतीय चाय की गुणवत्ता, उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार लाने के लिए अनुसंधान एवं विकास की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया। उभरती चुनौतियों का समाधान करने तथा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बदलती गुणवत्ता संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए चर्चाओं में चाय अनुसंधान को सुदृढ़ बनाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और उन्नत वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। चाय अनुसंधान सेवाओं का लाभ छोटे चाय उत्पादकों तक भी पहुंचाया जाएगा।

चाय बागानों के श्रमिकों और उनके परिवारों का कल्याण चर्चा का एक महत्वपूर्ण विषय रहा। इस संदर्भ में पश्चिम बंगाल में चाय श्रमिकों, विशेष रूप से महिलाओं और उनके बच्चों के कल्याण में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रस्तावित प्रधानमंत्री चाय श्रमिक प्रोत्साहन योजना (पीएमसीएसपीवाई) के कार्यान्वयन का उल्लेख किया गया। योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के महत्व तथा शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और बेहतर जीवन स्थितियों के क्षेत्रों में इससे मिलने वाले अपेक्षित लाभों को रेखांकित किया गया।

इस संवाद ने हितधारकों को अपनी चिंताओं को सामने रखने, सुझाव साझा करने और चाय क्षेत्र के समग्र विकास के लिए व्यावहारिक उपायों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान किया। चर्चाओं में दार्जिलिंग चाय उद्योग के पुनरुद्धार, चाय व्यापार संबंधी बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण, व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने, अनुसंधान एवं गुणवत्ता आश्वासन को सुदृढ़ करने, निर्यात बढ़ाने, चाय श्रमिकों के कल्याण में सुधार करने तथा चाय नीलामी प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के लिए समन्वित दृष्टिकोण अपनाने के महत्व को रेखांकित किया गया।

.

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »