LIVE

लोक सभा अध्यक्ष ने यमुना को स्वच्छ रखने के लिए जन आंदोलन का आह्वान किया


औद्योगिक विकास पर्यावरण की कीमत पर नहीं होना चाहिए; सीवेज और औद्योगिक कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण आवश्यक: लोक सभा अध्यक्ष

नदी संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है और भावी पीढ़ियों को सुरक्षित रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है: लोक सभा अध्यक्ष

नदियों और जल संसाधनों की रक्षा के लिए पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली और जन भागीदारी महत्वपूर्ण: लोक सभा अध्यक्ष

लोक सभा अध्यक्ष यमुना संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान में सम्मिलित हुए; प्रतिभागियों को नदी को स्वच्छ बनाने का संकल्प दिलाया

लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज यमुना नदी को स्वच्छ बनाने और इसकी अविरल धारा सुनिश्चित करने के लिए एक सतत जन आंदोलन का आह्वान किया। इस बात पर जोर देते हुए कि सरकारी प्रयासों को सक्रिय जन भागीदारी का समर्थन मिलना चाहिए, उन्होंने नागरिकों, संस्थानों, उद्योगों और सामाजिक संगठनों से नदी संरक्षण को एक साझा जिम्मेदारी बनाने का आग्रह किया।

श्री बिरला ने ये विचार आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ‘माँ यमुना जी नदी के संरक्षण और जन संकल्प हेतु राष्ट्रीय अभियान’ (National Campaign of Conservation and Public Resolution for River Maa Yamuna Ji) को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर उन्होंने आमंत्रित लोगों को यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प भी दिलाया और सभी से इस सामूहिक संकल्प को पूरा करने में योगदान देने का आह्वान किया।

भारत की सभ्यतागत यात्रा में नदियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री बिरला ने कहा कि नदियों ने पीढ़ियों से मानव बस्तियों, कृषि, उद्योग और आजीविका का पोषण किया है। उन्होंने कहा कि गंगा और यमुना भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग हैं, और उनका संरक्षण इस विरासत तथा समाज के कल्याण, दोनों की रक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारत की परंपराओं और मूल्यों को संरक्षित करने में इसकी नदियों और प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करना भी शामिल होना चाहिए।

श्री बिरला ने जोर देकर कहा कि यमुना की स्वच्छता और पवित्रता को बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक सदस्य को जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि नदी के किनारों को स्वच्छ रखना और यह सुनिश्चित करना कि हमारा दैनिक आचरण प्रदूषण में योगदान न दे, एक सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि संरक्षण के प्रयासों को तब बल मिलता है और स्थायी परिणाम प्राप्त होते हैं, जब वे समाज के सभी वर्गों के समर्थन से एक ‘जन आंदोलन’ बन जाते हैं।

उद्योग जगत से नदी संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए श्री बिरला ने कहा कि उद्योग विकास की एक महत्वपूर्ण नींव हैं, लेकिन उनकी प्रगति पर्यावरण की कीमत पर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नदियों में सीवेज और औद्योगिक कचरे को जाने से रोकने के लिए वैज्ञानिक उपचार और प्रभावी प्रणालियों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उल्लेख किया कि विकास, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण को साथ-साथ आगे बढ़ना चाहिए।

लोक सभा अध्यक्ष ने पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के महत्व को रेखांकित करते हुए पर्यावरण की रक्षा के लिए जिम्मेदार व्यक्तिगत और सामूहिक कार्रवाई हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान का स्मरण किया। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसी पहलों का उल्लेख किया और नागरिकों को हरियाली बढ़ाने, जल संरक्षण करने तथा पर्यावरणीय क्षरण को कम करने वाले प्रयासों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि संस्थागत उपायों के साथ-साथ आदतों और व्यवहार में बदलाव की भी आवश्यकता है।

स्वामी चिदानंद सरस्वती जी के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री बिरला ने कहा कि उनका कार्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी को एक साथ जोड़ता है। उन्होंने नदी संरक्षण, जल संरक्षण और वृक्षारोपण के लिए समाज को जागरूक करने की उनकी पहलों की प्रशंसा की और प्रतिभागियों से यमुना के पुनरुद्धार के संकल्प को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने गंगा और यमुना के संरक्षण के लिए कार्य कर रहे युवा स्वयंसेवकों के समर्पण को भी सराहा।

श्री बिरला ने कहा कि यमुना कई राज्यों के लोगों के जीवन और आजीविका का आधार है। उन्होंने नदी संरक्षण, कटाव की रोकथाम और जल संसाधनों की सुरक्षा के लिए व्यापक उपायों का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नदियों को स्वच्छ रखने और उनके प्रवाह को बनाए रखने के लिए निरंतर सामुदायिक सहयोग अपरिहार्य है। कोविड काल के दौरान नदियों की स्वच्छता में आए अपेक्षाकृत सुधार को याद करते हुए उन्होंने समाज से मानवीय गतिविधियों के प्रभाव पर आत्मचिंतन करने और प्रदूषण को रोकने की जिम्मेदारी स्वीकार करने का आग्रह किया।

मथुरा, वृंदावन और भगवान श्री कृष्ण की परंपराओं के साथ यमुना के विशेष जुड़ाव का उल्लेख करते हुए श्री बिरला ने कहा कि यह नदी भारत की आध्यात्मिक चेतना में एक अत्यंत पवित्र स्थान रखती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा की यह भावना नदी के संपूर्ण प्रवाह क्षेत्र में इसकी रक्षा के लिए व्यावहारिक और निरंतर प्रयासों में परिवर्तित होनी चाहिए।

आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए श्री बिरला ने कहा कि उनके कल्याण के लिए स्वच्छ नदियाँ और स्वस्थ पर्यावरण आवश्यक हैं। उन्होंने जलवायु परिवर्तन को एक साझा वैश्विक चुनौती बताया और कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के दर्शन से निर्देशित भारत की यह जिम्मेदारी है कि वह सामूहिक समाधानों में योगदान दे और पर्यावरण संरक्षण में नेतृत्व प्रदान करे।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »