एनएफएससी फेलोशिप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर के पहली पीढ़ी के शिक्षार्थी को मिला संबल
नवंबर 2020 से मिल रही फेलोशिप और एचआरए सहायता ने एक शोधार्थी को पीएच.डी. की पढ़ाई करने और शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने में की मदद
राजेश कुमार (परिवर्तित नाम) का अनुभव इस बात को दर्शाता है कि लक्षित फेलोशिप सहायता किस प्रकार उच्च शिक्षा तक पहुंच को सुगम बनाने और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में सहायक हो सकती है।
यह अनुभव दर्शाता है कि शैक्षणिक सहायता किस प्रकार व्यक्तियों को अपनी क्षमताओं का विकास करने तथा अधिक समावेशी और समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान देने में सक्षम बनाती है।
आर्थिक रूप से कमज़ोर पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा तक पहुंच बनाना विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है। यह चुनौती उन विद्यार्थियों के लिए और भी अधिक होती है, जो अपने परिवार में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति होते हैं।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के निवासी राजेश कुमार के लिए आर्थिक कठिनाइयाँ और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में सीमित जानकारी उनकी शैक्षणिक आकांक्षाओं को पूरा करने की राह में बड़ी बाधाएं थीं।
पहली पीढ़ी के शिक्षार्थी होने के कारण उन्हें उच्च शिक्षा के उपलब्ध अवसरों और छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में सीमित जानकारी थी। आर्थिक तंगी के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों और तत्काल रोजगार प्राप्त करने अथवा घर बसाने के लिए सामाजिक दबाव के कारण उच्च शिक्षा की पढ़ाई जारी रखना उनके लिए कठिन हो गया था। इन चुनौतियों के बावजूद उन्होंने उच्च शिक्षा की पढ़ाई जारी रखने का दृढ़ संकल्प बनाए रखा और सहायक प्रोफेसर बनने का लक्ष्य निर्धारित किया।
नवंबर 2020 में उन्हें सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय फैलोशिप (एनएफएससी) योजना के अंतर्गत सहायता मिलना शुरू हुई, जो उनके लिए एक महत्वपूर्ण सहायता साबित हुई। इस फैलोशिप के साथ मकान किराया भत्ता (एचआरए) भी प्रदान किया गया, जिससे उन्हें पीएच.डी. की पढ़ाई के लिए वित्तीय सहायता मिली।
इस सहायता से उच्च शिक्षा से जुड़े आर्थिक बोझ को कम करने में मदद मिली और बीच-बीच में आने वाली कठिनाइयों के बावजूद वे अपने शैक्षणिक लक्ष्यों की लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ते रहे। इससे उन्हें ऐसे समय में अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिला, जब आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियां अन्यथा उनके विकल्पों को सीमित कर सकती थी।

वित्तीय सहायता से परे इस फेलोशिप ने शैक्षिक अवसरों तक उनकी पहुंच बढ़ाने में भी योगदान दिया। उनके अनुसार इस सहायता से उन्हें बाधाओं को पार करने और एक शिक्षित एवं सामाजिक रूप से जागरूक व्यक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिली।
आज राजेश कुमार एक स्ववित्तपोषित महाविद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी वर्तमान भूमिका इस बात को दर्शाती है कि उन्होंने अपनी शैक्षिक यात्रा को किस प्रकार पेशेवराना योगदान में परिवर्तित किया है। सहायक प्रोफेसर बनने की उनकी आकांक्षा आज भी उस शैक्षणिक लक्ष्य को दर्शाती है, जिसने उनके उच्च अध्ययन का मार्गदर्शन किया है।
उनकी यात्रा इस बात को रेखांकित करती है कि पहली पीढ़ी के शिक्षार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सक्षम बनाने के लिए निरंतर वित्तीय सहायता कितनी महत्वपूर्ण है। आर्थिक बाधाओं को दूर करने में मदद करके एनएफएससी योजना विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने और अपने पेशेवराना लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने में सहायता प्रदान करती है।
Comments (0)