पिछले एक दशक में विद्युत सेक्टर की प्रमुख पहलों को प्रदर्शित किया गया
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 में विद्युत मंत्रालय का मंडप पिछले एक दशक में विद्युत सेक्टर की पहलों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करता है। प्रौद्योगिकी के माध्यम से विदयुत सेक्टर की पहलों को सरल तरीके से प्रस्तुत करने और मेले में आने वाले दर्शकों के लिए उन्हें मनोरंजक एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से इस मंडप में संवादमूलक प्रदर्शनियां, इमर्सिव जोन, काइनेटिक वॉल, एनामॉर्फिक 3डी डिस्प्ले, रोटेटिंग एलईडी, वर्चुअल रियलिटी (वीआर) मॉडल, 3डी परियोजना मॉडल तथा स्मार्ट होम की व्यवस्था की गई है। स्मार्ट होम में ऊर्जा-कुशल उपकरणों और स्मार्ट ऊर्जा समाधानों का प्रदर्शन किया गया है।

इस मंडप का उद्घाटन विद्युत मंत्रालय के सचिव श्री पंकज अग्रवाल ने कल किया। इस अवसर पर मंडप से संबंधित एक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। उद्घाटन समारोह में डॉ. साईबाबा दारबमुल्ला, अपर निदेशक (विद्युत मंत्रालय), सुश्री रीतू जैन, आर्थिक सलाहकार (विद्युत मंत्रालय), श्री वामसी रामा मोहन बुर्रा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी), पावरग्रिड, निदेशक मंडल के सदस्य तथा पावरग्रिड, एनटीपीसी, एनएचपीसी, पीएफसी, आरईसी, एसजेवीएन, टीएचडीसी, ईईएसएल और बीईई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

यह मंडप विद्युत मंत्रालय के विभिन्न संगठनों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जहां वे भारत के बिजली बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने तथा सतत और ऊर्जा-सुरक्षित राष्ट्र के निर्माण के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में अपने योगदान को प्रदर्शित कर रहे हैं।

इस मंडप में पुडिमडाका में कार्बन कैप्चर, उपयोग एवं भंडारण (सीसीयू) तथा हरित रसायन नवाचार, प्लाज्मा ऑक्सी-गैसीकरण के माध्यम से अपशिष्ट से हरित हाइड्रोजन का उत्पादन, पुडिमडाका हरित हाइड्रोजन हब मॉडल, सीओ₂ बैटरी (क्लोज्ड ब्रेटन साइकिल), वैनेडियम रेडॉक्स फ्लो बैटरी (वीआरएफबी), बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली, परमाणु ऊर्जा जागरूकता अभियान, पीजी अमृत (पारेषण क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग), 1100 केवी एसी ट्रांसमिशन, क्षेत्रीय विकास केंद्र, पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं, जीएलओएफ तथा एनएचपीसी की प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली सहित ‘सुरक्षित उज्ज्वल भविष्य’ को प्रदर्शित किया गया है। इसके अतिरिक्त, एएमआईएसपी के माध्यम से स्मार्ट मीटर ऐप की विभिन्न उपभोक्ता सुविधाओं, जैसे दिन के समय के अनुसार बिजली दर (टाइम ऑफ डे), ऊर्जा दक्षता एवं बिजली बिल का पूर्वानुमान, बिल सीमा का उल्लंघन, लोड सीमा का उल्लंघन और निर्धारित सीमा से अधिक खपत आदि को प्रदर्शित किया गया है। स्मार्ट मीटर बनाम पारंपरिक मीटर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए भी विशेष प्रस्तुति दी गई है। इसके साथ ही इंडिया एनर्जी स्टैक, पीएम सूर्य घर योजना एवं पी2पी ऋण सुविधा, उपभोक्ता ऊर्जा पासपोर्ट तथा स्मार्ट ऊर्जा दक्षता गृह को भी प्रदर्शित किया गया है।

45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 के अंतर्गत आयोजित इस मंडप को आगंतुक 27 नवंबर, 2026 तक देख सकते हैं।
मंडप में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें नुक्कड़ नाटक तथा बांसुरी और तबला वादन की प्रस्तुतियाँ शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आगंतुकों को मनोरंजक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ भारत के विद्युत सेक्टर की पहलों और प्रौद्योगिकीय उन्नति के प्रति जागरूक किया जाएगा। मंडप के कुछ लोकप्रिय आकर्षणों में एआई फोटो बूथ, सेल्फी पॉइंट आदि शामिल हैं। वहीं, मंडप में आने वाले बच्चों और युवा दर्शकों के लिए छोटा भीम के पात्रों के साथ परस्पर बातचीत का विशेष आकर्षण भी रखा गया है।
Comments (0)