LIVE

उपराष्ट्रपति ने कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में आइकॉनिक टॉवर का उद्घाटन किया, कहा- यह भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक शैक्षिक आकांक्षाओं के संगम का प्रतीक है


पिछले एक दशक में भारत के उच्च शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव आया है, संस्थानों और विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि हुई है: उपराष्ट्रपति

भारत को इतना मजबूत और सक्षम बनना होगा कि कोई भी देश उस पर अपनी शर्तें न थोप सके: उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति ने जनजातीय विद्यार्थियों को पढ़ाई बीच में छोड़ने से रोकने और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ओडिशा के विश्वविद्यालयों से ‘स्कूल कनेक्ट’ कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज ओडिशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में आइकॉनिक टॉवर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल श्री ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी और श्री श्री विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं आजीवन अध्यक्ष गुरुदेव श्री श्री रविशंकर  भी उपस्थित रहे।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस टावर का उद्घाटन केवल एक भवन के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक दूरदर्शी सोच, शिक्षा के प्रेरणादायक दर्शन, भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और देश के भविष्य को आकार देने की प्रतिबद्धता का उत्सव है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि श्री श्री विश्वविद्यालय गुरुदेव श्री श्री रविशंकर की असाधारण दूरदृष्टि का साकार रूप है और शिक्षा के प्रति गुरुदेव की समझ पारंपरिक अकादमिक शिक्षा की सीमाओं से कहीं आगे है। उन्होंने कहा कि पूर्वी ज्ञान और पश्चिमी विद्या के संगम के रूप में परिकल्पित इस विश्वविद्यालय ने वर्ष 2012 में अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू की थी। इसकी स्थापना इस विचार के साथ की गई थी कि वास्तविक शिक्षा व्यक्ति के चरित्र, चेतना और करुणा का विकास करे। श्री राधाकृष्‍णन ने वर्तमान समय में इस दृष्टिकोण की प्रासंगिकता पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा को युवाओं को न केवल अकादमिक सफलता के लिए तैयार करना चाहिए, बल्कि उन्हें समाज में सार्थक योगदान देने और विश्व का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए।

उपराष्ट्रपति ने श्री श्री विश्वविद्यालय की ‘विश्व के सबसे खुशहाल परिसर’ के रूप में पहचान पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूरी मानवता खुशहाली की आकांक्षा करती है और इसकी जड़ें भारत की संस्कृति एवं परंपराओं में गहराई से समाहित हैं। श्री राधाकृष्‍णन ने शाश्वत सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की।

उपराष्ट्रपति ने ओडिशा की समृद्ध स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में स्थापत्य कला हमेशा से केवल भौतिक संरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं रही है। यहां के मंदिर कलात्मक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक ज्ञान, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक निरंतरता की स्थायी अभिव्यक्ति रहे हैं। पुरी के पवित्र भगवान जगन्नाथ मंदिर, भुवनेश्वर के मंदिरों और भव्य कोणार्क मंदिर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कलिंग स्थापत्य परंपरा भारत की सभ्यता की असाधारण रचनात्मक प्रतिभा का प्रमाण है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह आइकॉनिक टॉवर समृद्ध भारतीय विरासत से प्रेरित है। इसकी भव्य संरचना ज्ञान की मजबूत नींव से आत्मबोध और आध्यात्मिक ज्ञान की उच्चतम अवस्था तक पहुंचने की मानवीय आकांक्षा की यात्रा का प्रतीक है।

उपराष्ट्रपति ने देश की व्यापक आकांक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश को विकसित भारत @2047 का प्रेरणादायक विजन दिया है। इसके अंतर्गत भारत अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी को आत्मविश्वास, सामर्थ्य और वैश्विक नेतृत्व के साथ मनाने वाला एक विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में शैक्षणिक संस्थानों की परिवर्तनकारी भूमिका पर निरंतर जोर दिया है।

उपराष्ट्रपति ने पिछले बारह वर्षों में उच्च शिक्षा के विस्तार को रेखांकित करते हुए कहा कि देश में विश्वविद्यालयों की संख्या वर्ष 2014-15 में 760 थी, जो आज बढ़कर 1,400 से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) की संख्या वर्ष 2014 से पहले 16 थी, जो अब बढ़कर 23 हो गई है। इसी तरह, भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स) की संख्या वर्ष 2014 से पहले 7 थी, जो अब बढ़कर 20 हो गई है। वहीं, उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का नामांकन वर्ष 2014-15 के 3.42 करोड़ से बढ़कर 4.50 करोड़ से अधिक हो गया है।

श्री राधाकृष्‍णन ने ओडिशा में जनजातीय आबादी का उल्लेख करते हुए राज्य के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों से जनजातीय बच्चों के लिए ‘स्कूल कनेक्ट’ कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उनकी पढ़ाई बीच में न छूटे और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

उपराष्ट्रपति ने भारत की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय सामर्थ्य के महत्व पर बल देते हुए कहा कि देश के भविष्य को आकार देने में भारत की संस्कृति और परंपराओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत को एक मजबूत और सक्षम राष्ट्र बनने की आकांक्षा रखनी चाहिए, ताकि कोई भी देश उस पर अपनी शर्तें न थोप सके। उन्होंने देश की स्वतंत्रता, गरिमा और हितों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय सामर्थ्य के महत्व को भी रेखांकित किया।

उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को याद दिलाया कि किसी व्यक्ति की वास्तविक ऊंचाई उसके ज्ञान की गहराई, चरित्र की मजबूती और करुणा के विस्तार से मापी जाती है। उन्‍होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों और कार्यों में हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत को सर्वोपरि रखने और ‘नशे को ना’ कहने का आह्वान किया।

उपराष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय समुदाय से आइकॉनिक टॉवर के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को नए सिरे से मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि ज्ञान इसकी नींव, विवेक, मार्गदर्शक प्रकाश, नवाचार साधन, करुणा शक्ति और सेवा इसका अंतिम उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह टॉवर आने वाली पीढ़ियों तक ज्ञान के प्रकाश स्तंभ, आकांक्षाओं के स्मारक और ओडिशा की शाश्वत भावना के प्रतीक के रूप में खड़ा रहेगा। उन्‍होंने कहा कि यह टॉवर आत्मविश्वास से परिपूर्ण, समृद्ध, करुणामय और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए विद्यार्थियों की पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।

उपराष्ट्रपति ने श्री श्री विश्वविद्यालय के नवनिर्मित आइकॉनिक टॉवर में अत्याधुनिक तारामंडल का भी अवलोकन किया। यह तारामंडल विज्ञान के प्रति जिज्ञासा जगाने, ब्रह्मांड की अनंत संभावनाओं से परिचित कराने और खोज एवं नवाचार की भावना को बढ़ावा देने का एक अनूठा माध्यम है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »