45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 14 से 27 नवंबर, 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित होगा
आईआईटीएफ 2026 में 32 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और 11 देशों की भागीदारी होगी; भारत के विकास और विरासत को प्रदर्शित करने के लिए 17 हॉल में 3,500 से अधिक प्रदर्शक होंगे
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026, 14 से 27 नवंबर, 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल 13 नवंबर, 2026 को मुख्य अतिथि के रूप में मेले का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में पद्मश्री से सम्मानित गुरु माधवी मुद्गल और उनके समूह द्वारा ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
‘विकास और विरासत’ विषय पर आधारित आईआईटीएफ 2026 में भारत और विदेशों के 3,500 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे। ये प्रदर्शक 17 हॉल में 1,00,000 वर्ग मीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। मेले में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा 51 केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भागीदारी होगी। बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश साझेदार राज्य होंगे, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्य होंगे। भागीदार राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपने क्षेत्रीय उत्पादों, स्थानीय उद्योगों, पारंपरिक हस्तशिल्प, संस्कृति, पर्यटन की संभावनाओं और विकास संबंधी पहलों को प्रदर्शित करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के अंतर्गत 11 देश शामिल होंगे। इनके मंडपों में थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश के प्रदर्शक अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबारी गतिविधियों और व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के अवसर उपलब्ध होंगे।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष श्री जावेद अशरफ ने कहा कि आईआईटीएफ 2026 भारत की प्रगति, विविधता और विरासत का उत्सव होगा। इसमें युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में लगभग 600 स्टार्टअप और ओडीओपी मंडप में जिला स्तर के हस्तशिल्प, खानपान और संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।
मेले में आने वाले आगंतुकों को हॉल संख्या 1 में विभिन्न देशों के मंडप देखने को मिलेंगे। हॉल संख्या 2 से 5 में साझेदार और फोकस राज्य, केंद्रीय मंत्रालय, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम तथा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक अपने उत्पादों और पहलों का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, हॉल संख्या 8 से 14 तक उपभोक्ता उत्पादों की विभिन्न श्रेणियां प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं, वस्त्र, जूते, रसोई उपकरण, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, मसाले, कृषि उत्पाद, हस्तशिल्प, घरेलू फर्नीचर, सौंदर्य प्रसाधन और आभूषण शामिल होंगे।
आईआईटीएफ 2026 में व्यवसायों और आगंतुकों, दोनों के लिए कई नए अनुभव प्रस्तुत किए जाएंगे। हॉल संख्या 14 में स्थित हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में डीप-टेक, एग्री-टेक, ड्रोन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा प्रौद्योगिकी (एडटेक) जैसे क्षेत्रों के लगभग 600 भारतीय स्टार्टअप प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे युवा उद्यमों को अपनी पहचान स्थापित करने, व्यापक बाजारों से जुड़ने और कारोबारी अवसर प्राप्त करने का मंच मिलेगा।
एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) मंडप में 21 राज्यों की भागीदारी होगी। इसमें देशभर के विभिन्न जिलों के विशिष्ट हस्तशिल्प, खानपान, संस्कृति और उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके माध्यम से स्थानीय उद्यमों, पारंपरिक कौशल और इन उत्पादों को तैयार करने वाले कारीगरों की प्रतिभा को विशेष रूप से उजागर किया जाएगा।
प्लेवर्स@मंडपम के अंतर्गत मनोरंजन और शिक्षा का संयोजन करने वाला एक आकर्षक एवं संवादात्मक डिजिटल अनुभव प्रस्तुत किया जाएगा। इसे विशेष रूप से युवा आगंतुकों और परिवारों को आकर्षित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। ये सभी पहलें मिलकर ‘विकास और विरासत’ की भावना को साकार करेंगी तथा भारत की तकनीकी प्रगति, उद्यमशीलता और पारंपरिक क्षमताओं को एक साझा मंच पर प्रस्तुत करेंगी।
मेले में 90 से अधिक खाद्य स्टॉल वाला विश्वस्तरीय फूड कोर्ट भी स्थापित किया जाएगा, जहां भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन उपलब्ध होंगे। यहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, शून्य अपशिष्ट (जीरो वेस्ट) संबंधी प्रक्रियाओं और प्लास्टिक के कम उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा।
एक प्रमुख व्यापार प्रदर्शनी होने के साथ-साथ आईआईटीएफ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप और छोटे व्यापारियों को बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह उन्हें अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने, संभावित खरीदारों से जुड़ने और नए बाजारों की संभावनाएं तलाशने के अवसर प्रदान करता है। आईटीपीओ भारतीय स्टार्टअप को पेरिस में आयोजित होने वाले वीवाटेक और आगामी सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भागीदारी के लिए भी सहायता प्रदान कर रहा है। इससे उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने और सहयोग के नए अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य देशभर में उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना है, जिसमें टियर-2 और टियर-3 शहरों में विकसित हो रही स्टार्टअप प्रणाली भी शामिल है।
भारत मंडपम के बढ़ते विस्तार और भव्यता को दर्शाते हुए परिसर में हॉल संख्या 1 और हॉल संख्या 14 में लगभग 1,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले एलईडी मेश इंस्टॉलेशन लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, पूरे परिसर में लगभग 100 एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना है, जिनमें से 30 से अधिक स्क्रीन मेले के दौरान स्थापित किए जाने की उम्मीद है। आईटीपीओ भारत मंडपम को सालभर आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनसहभागिता गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। इसके अंतर्गत लगभग 2,000 लोगों के बैठने की क्षमता वाले एक सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण का प्रस्ताव भी है।
आगंतुकों, प्रदर्शकों, प्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों को निर्बाध एवं सुविधाजनक अनुभव प्रदान करने के लिए आईटीपीओ ने पूरे परिसर में विभिन्न विशेष सहायता सुविधाओं की व्यवस्था की है। पत्रकारों के लिए कार्यस्थल की सुविधा वाला एक समर्पित मीडिया लाउंज बनाया जाएगा, जबकि वीआईपी और विशिष्ट अतिथियों की मेजबानी के लिए प्रोटोकॉल लाउंज की व्यवस्था होगी। अन्य सुविधाओं में परिसर के भीतर आवागमन में सहायता, शटल सेवाएं, गोल्फ कार्ट, कैब और पार्किंग के लिए निर्धारित क्षेत्र, व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) नेटवर्किंग सुविधाएं, प्रदर्शकों के लिए सहायता और खोया-पाया केंद्र शामिल हैं।
फूड कोर्ट के संचालन की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। सभी खाद्य स्टॉलों के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के रखरखाव संबंधी मानकों का पालन अनिवार्य होगा, जिनमें राज्यों द्वारा संचालित स्टॉल भी शामिल हैं। हॉल संख्या 1 में स्थित अंतरराष्ट्रीय मंडपों सहित पूरे मेले की सुरक्षा व्यवस्था को दिल्ली पुलिस और आईटीपीओ का सहयोग प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त, चिकित्सा केंद्रों, प्राथमिक उपचार सुविधाओं और आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवाओं की व्यवस्था से मेले के दौरान आगंतुकों की सुरक्षा और सुविधा को और सुदृढ़ किया जाएगा।
प्रदर्शनी के साथ-साथ सात अलग-अलग स्थलों पर 87 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत कार्यक्रमों और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से भारत की विविधता और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में शास्त्रीय और लोक परंपराओं की प्रस्तुतियों के साथ-साथ प्रतिष्ठित कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा। प्रमुख आकर्षणों में ‘द मंगनियार सेडक्शन’, ‘ताल फ्राई’, हरिहरन एवं पृथ्वी गंधर्व, शहजाद अली, सलीम-सुलेमान और नाइजीरिया के कलाकारों की भागीदारी वाला ‘रूहानियत’ शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के टिकट बुकमायशो पर उपलब्ध होंगे। इसके अतिरिक्त, 19 राज्यों और विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आईआईटीएफ के प्रवेश टिकट के साथ निःशुल्क देखी जा सकेंगी।
मेले के पहले पांच दिन, यानी 14 से 18 नवंबर तक, केवल व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) आगंतुकों के लिए आरक्षित रहेंगे। मेला आम जनता के लिए 19 से 27 नवंबर तक खुला रहेगा। मेले का समय सुबह 10:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा, जबकि आम जनता के लिए प्रवेश शाम 5:30 बजे तक ही उपलब्ध रहेगा। प्रवेश टिकट booking.indiatradefair.com, आईआईटीएफ 2026 के आधिकारिक मोबाइल ऐप अथवा दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों पर ऑफलाइन खरीदे जा सकेंगे। व्यावसायिक दिवसों और आम जनता के लिए निर्धारित दिनों, दोनों के लिए सीजन टिकट भी उपलब्ध होंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को आम जनता के लिए निर्धारित दिनों में वैध सरकारी पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। आम आगंतुक भैरों रोड स्थित गेट संख्या 3 और 4 तथा मथुरा रोड स्थित गेट संख्या 6 और 10 से प्रवेश कर सकेंगे।
आईआईटीएफ 2026 का मोबाइल ऐप गूगल प्ले और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होगा। इस ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग, पंजीकरण, नेविगेशन और शटल मार्गों सहित परिसर का इंटरैक्टिव मानचित्र, मंडपों एवं प्रदर्शकों की निर्देशिका, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कैलेंडर तथा व्यावसायिक नेटवर्किंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। आईटीपीओ ने दिल्ली मेट्रो के साथ समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ आगंतुकों के परिवहन के लिए भी विभिन्न व्यवस्थाएं की हैं। इनमें शटल सेवाएं, ऐप आधारित कैब और ऑटो के लिए निर्धारित पिक-अप स्थल, पार्किंग, व्हीलचेयर सहायता और आगंतुक सहायता सेवाएं शामिल हैं। ऐप के माध्यम से आईटीपीओ के हेल्पडेस्क और एक क्लिक पर एसओएस सहायता की सुविधा भी प्राप्त की जा सकेगी।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला देश की प्रमुख बहु-उत्पाद व्यापार प्रदर्शनियों में से एक है। यह मेला भारत और विदेशों के सरकारी संगठनों, उद्योगों, व्यवसायों, स्टार्टअप, एमएसएमई और कारीगरों को एक साझा मंच पर लाता है। इसके माध्यम से व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) और व्यवसाय-से-उपभोक्ता (बी2सी) गतिविधियों, व्यापार एवं निवेश संवर्धन तथा व्यावसायिक नेटवर्किंग को बढ़ावा मिलता है।
अधिक जानकारी और नवीनतम अपडेट के लिए आईटीपीओ की आधिकारिक वेबसाइट:
www.itpo.gov.in/iitf देखें।
Comments (0)