LIVE

राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत सरकार को लाभांश प्रदान किया


एनएसआईसी के निरंतर वित्तीय प्रदर्शन और एमएसएमई क्षेत्र के विकास को समर्थन देने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया

राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी), जो अनुसूची ‘ए’ की मिनीरत्न कंपनी है, के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. सुभ्रांशु शेखर आचार्य ने 28 अक्टूबर 2026 को एमएसएमई के केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी और एमएसएमई राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे को 47.76 करोड़ रुपये का लाभांश प्रदान किया। इस अवसर पर मंत्रालय के सचिव श्री भरत खेड़ा तथा मंत्रालय और एनएसआईसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

डॉ. आचार्य ने एनएसआईसी के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन को रेखांकित करते हुए बताया कि निगम ने 3,767 करोड़ रुपये का राजस्व और 159 करोड़ रुपये का कर-पश्चात लाभ (पीएटी) अर्जित किया है। यह पिछले वित्त वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। यह निगम के निरंतर वित्तीय प्रदर्शन, प्रभावी प्रबंधन तथा एमएसएमई क्षेत्र के विकास और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

केंद्रीय एमएसएमई मंत्री ने एकीकृत सहायता सेवाओं और विभिन्न सरकारी पहलों के कार्यान्वयन के माध्यम से एमएसएमई को सशक्त बनाने में एनएसआईसी के योगदान की सराहना की। नेतृत्व ने देशभर में उद्यमिता को बढ़ावा देने, नए उद्यमों की स्थापना, कौशल विकास तथा सूक्ष्म और लघु उद्यमों के विकास में एनएसआईसी की निरंतर भूमिका को लेकर विश्वास व्यक्त किया।

अपने व्यापक अनुभव और संस्थागत क्षमताओं के साथ, एनएसआईसी एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने तथा आत्मनिर्भर और समावेशी भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »