LIVE

राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने 9 अक्टूबर 2026 को तंजानिया के अरूशा में आयोजित अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) की 153वीं सभा के पांचवें और अंतिम दिन अपनी भागीदारी जारी रखी।


राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश और प्रतिनिधिमंडल के सदस्य आईपीयू की शासी परिषद की बैठक में शामिल हुए। बैठक में शेष एजेंडा मदों पर विचार किया गया। इनमें अंतर-संसदीय संघ के अध्यक्ष का चुनाव और विशेष बैठकों की रिपोर्टें शामिल थीं।

राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश; लोकसभा सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर और लोकसभा सांसद श्रीमती कमलजीत सहरावत ने अंतर-संसदीय संघ के अध्यक्ष के चुनाव में भारत को आवंटित तीनों मतों का प्रयोग किया।

गुप्त मतदान के माध्यम से चुनाव संपन्न होने के बाद, निवर्तमान आईपीयू अध्यक्ष ने ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष श्री मिल्टन डिक को आईपीयू का अगला अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया। परिणाम की घोषणा के तुरंत बाद श्री हरिवंश और भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने व्यक्तिगत रूप से श्री डिक को बधाई दी और आईपीयू के अध्यक्ष के रूप में उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

इसके बाद, राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा ने लोकसभा के माननीय अध्यक्ष की ओर से श्री मिल्टन डिक को बधाई पत्र सौंपा।

शासी परिषद की बैठक समाप्त होने के बाद सभा ने निम्नलिखित को अपनाने के लिए अपनी बैठकें आयोजित कीं—अरूशा विज्ञप्ति; लोकतंत्र और मानवाधिकार संबंधी स्थायी समिति द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव। इसका विषय था “सभी के लिए समावेशी सामाजिक विकास: दिव्यांगजनों के अधिकारों और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए संसदीय रणनीतियाँ, तथा आपातकालीन विषय पर प्रस्ताव का शीर्षक था “जलवायु-संबंधी आपदाओं से निपटने और हिमालयी क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में आपदा से निपटने की क्षमता मजबूत करने के लिए तत्काल संसदीय कार्रवाई।”

इसके पश्चात, तंजानिया की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष और सभा के अध्यक्ष महामहिम श्री मुसा अज़ान ज़ुंगु ने सभा के समापन की घोषणा की।

राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक तंजानिया के अरूशा में आयोजित आईपीयू की 153वीं सभा में शामिल हुए। प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी महत्वपूर्ण और प्रभावी रही तथा इसने आईपीयू सभा के प्रस्तावों और परिणामों में योगदान दिया।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »