LIVE

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने स्वच्छता बढ़ाने और लंबित मामलों में कमी लाने के लिए देशव्यापी विशेष अभियान 6.0 का शुभारंभ किया

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 2 अक्टूबर, 2026 से विशेष अभियान 6.0 की शुरुआत की है जिसमें मंत्रालय के देशभर में स्थित 610 कार्यालय भाग ले रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को बढ़ावा देना और लंबित मामलों में कमी लाना है। इसके साथ ही, ई-कचरे के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निपटान पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

तैयारी चरण के दौरान, मुख्य सचिवालय सहित सभी मीडिया इकाइयों और उनके क्षेत्रीय कार्यालयों को लक्ष्य निर्धारित करने, लंबित संदर्भों की पहचान करने तथा स्थान प्रबंधन की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेल तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने तैयारी चरण के दौरान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और मीडिया इकाइयों के साथ संवाद किया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह अभियान 31 अक्टूबर, 2026 के बाद भी जारी रहना चाहिए और इसे वर्षभर चलने वाला अभियान बनाया जाना चाहिए। जनता से सीधे संपर्क करने वाले कार्यालयों को उच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए और अच्छे कार्यों का विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने सभी मीडिया इकाइयों के प्रमुखों और उनके नोडल अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों तथा इसके कार्यान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने इस वर्ष के अभियान के लिए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु उचित और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मंत्रालय ने पिछले विशेष अभियानों में अच्छा प्रदर्शन किया है। इन अभियानों के माध्यम से स्वच्छता को संस्थागत रूप देने और लंबित मामलों का समय पर निपटान सुनिश्चित करने के प्रति मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई है। पिछले अभियानों के दौरान किए गए प्रयासों से न केवल कार्यालयों की स्वच्छता में सुधार हुआ है, बल्कि राजस्व सृजन, स्थान प्रबंधन और भौतिक फाइलों को निपटाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण परिणाम प्राप्त हुए हैं।

वर्ष 2021 में विशेष अभियान की शुरुआत से अब तक मंत्रालय ने कुल 36.20 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इस अवधि के दौरान लगभग 13.89 लाख किलोग्राम कबाड़ का निपटान किया गया, 13.98 लाख वर्ग फुट स्थान खाली कराया गया और 2.71 लाख भौतिक फाइलों को हटाया गया। इसके अतिरिक्त, कुल 6,642 बाहरी अभियान आयोजित किए गए और 15,496 स्थलों की सफाई की गई। अब तक की संचयी उपलब्धियों और वर्षवार विवरण को नीचे प्रस्तुत किया गया है।

विशेष अभियान के तहत वर्षवार अर्जित कुल राजस्व एवं खाली कराया गया स्थान
वर्षअर्जित कुल राजस्‍व (रुपये में)खाली कराया गया कुल स्‍थान (वर्ग फुट में)
20217433500–
20222542826321138993
20235389981163216
20241836642988108
20252803733310852
                विशेष अभियान के तहत वर्षवार निपटाया गया कुल कबाड़ एवं हटाई गई भौतिक फाइलें
वर्षनिपटाया गया कुल कबाड़ (किलोग्राम में)हटाई गई कुल भौतिक फाइलें 
2021––
202247354573318
202334912647094
202420376548638
2025363412102768
विशेष अभियान के तहत वर्षवार आयोजित कुल बाहरी अभियान एवं साफ किए गए स्थानों की संख्या
वर्षकुल बाहरी अभियानसाफ किए गए स्थानों की कुल संख्या
2021––
202211033947
202323584394
202414874264
202516942891

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »