LIVE

पीएम मेमेंटोज से सिक्किम की सांस्कृतिक विरासत लोगों के और करीब

पीएम मेमेंटोज का आठवां संस्करण नमामि गंगे पहल के समर्थन के अपने उद्देश्य के साथ-साथ लोगों को देश की विविध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और उसका एक हिस्सा अपने पास रखने का अवसर प्रदान करता है।

इस संस्करण में नीलामी के लिए रखी गई स्मृति वस्तुओं में सिक्किम की दो विशिष्ट कलाकृतियां शामिल हैं। यह राज्य की अनूठी कलात्मक विरासत की झलक प्रस्तुत करती हैं। इन कलाकृतियों को शामिल किए जाने से सिक्किम की विरासत को राष्ट्रीय मंच मिला है। कभी औपचारिक आदान-प्रदान का हिस्सा रही ये वस्तुएं अब लोगो और संग्रहकर्ताओं के साथ नया जुड़ाव स्थापित कर रही हैं।

इनमें एक भगवान बुद्ध की बारीकी से तैयार की गई पीतल की प्रतिमा है, जो सिक्किम के राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेंट की थी। दूसरी कलाकृति तिब्बती बौद्ध प्रार्थना चक्र, यानी मणि खोरलो है। इस पर पवित्र मंत्र ‘ओम मणि पद्मे हुम’ अंकित है। यह हिमालयी राज्य की कलात्मक और आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाता है।

इस वर्ष की नीलामी में इन दोनों कलाकृतियों की मौजूदगी देश के सांस्कृतिक परिदृश्य की विविधता को दर्शाती है। यह इस बात को भी रेखांकित करती है कि पीएम मेमेंटोज जैसी पहल देश की विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं को लोगों के और करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पीएम मेमेंटोज का आठवां संस्करण जारी है। अब इसे 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है। नीलामी से प्राप्त राशि नमामि गंगे परियोजना के लिए दी जाएगी। इच्छुक बोलीदाता आधिकारिक पीएम मेमेंटोज ई-नीलामी पोर्टल https://pmmementos.gov.in से ऑनलाइन बोली लगा सकते हैं।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »