LIVE

विशेष अभियान 6.0: दीपम ने एमएसटीसी को विभागीय ई-कचरे की नीलामी और जिम्मेदारी से पुन:चक्रण करने के लिए जोड़ा


इस साझेदारी का उद्देश्य विशेष अभियान 6.0 के तहत वैज्ञानिक और पर्यावरण के अनुकूल ई-कचरे का निपटारा करना है

स्वच्छता को संस्थागत बनाने और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के पर्यावरण-अनुकूल प्रबंधन को सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) ने विभाग में उत्पन्न ई-कचरे के वैज्ञानिक संग्रह, पृथक्करण और निपटान के लिए एमएसटीसी लिमिटेड को नियुक्त किया है। एमएसटीसी लिमिटेड, इस्पात मंत्रालय के अंतर्गत एक मिनीरत्न श्रेणी-I केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम है।

यह कदम ‘विशेष अभियान 6′ (2 से 31 अक्टूबर 2026) के तहत उठाया जा रहा है। इस अभियान में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा जारी ई-कचरा (प्रबंधन) नियम, 2022 के अनुसार “ई-कचरे को प्रभावी ढंग से इकट्ठा करने, अलग-अलग करने और उसका निपटारा करने” पर विशेष ध्यान दिया गया है।

एमएसटीसी का खास ई-नीलामी प्लेटफ़ॉर्म कंप्यूटर, प्रिंटर, सर्वर और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी दूसरी सामग्री जैसे पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान को पारदर्शी और नियमों के मुताबिक निपटाने में मदद करेगा। इससे न सिर्फ़ ऑफिस में काफी जगह खाली होगी, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जा सकेगा कि ई-कचरे का वैध तरीके से पुनर्चक्रण किया जाए ताकि कचरे को संसाधन में बदला जा सके और सरकार को इसकी बिक्री से राजस्‍व की प्राप्ति हो।

(दीपम) ‘ विशेष अभियान 6’ के बड़े लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध है जिनमें सरकारी कार्यालयों में पूरी तरह से स्वच्छता सुनिश्चित करना, लंबित मामलों को कम करना और अपने कार्यालयों में बेहतर तौर-तरीकों को बढ़ावा देना शामिल है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »