देश भर के विशेषज्ञ खगोलीय छायाकारों और शौकिया खगोलविदों ने लद्दाख के हानले में स्थित भारतीय खगोलीय वेधशाला में 7 से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित हानले डार्क स्काई रिजर्व स्टार पार्टी के चौथे संस्करण में भाग लिया।
आईआईए की निदेशक प्रोफेसर अन्नपूर्णी सुब्रमण्यम ने बताया, “देश भर के शौकिया खगोलविदों और खगोलीय छायाकारों ने जिस उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया उसने वैज्ञानिक अनुसंधान और आम जनता दोनों के लिए यहां के निर्मल अंधेरे आकाश को संरक्षित करने के महत्व को रेखांकित करने में इस आयोजन की भूमिका को उजागर किया है।”
चंडीगढ़, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नई दिल्ली, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से लगभग 40 शौकिया खगोलविदों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। वे अपने उन्नत उपकरणों के साथ लेह पहुंचे ताकि भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आईआईए), लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण विभाग, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) और टाटा मूलभूत अनुसंधान संस्थान(टीआईएफआर) की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में हानले के अंधेरे आसमान के नीचे चार रातों का पूरा लाभ उठा सकें।
10 सितंबर को स्थानीय समुदायों और आसपास के पर्यटकों के लिए आयोजित ओपन नाइट में 1200 से अधिक लोग शामिल हुए।
स्टार पार्टी के प्रतिभागियों ने एचडीएसआर के खगोल विज्ञान दूतों और वेधशाला के कर्मचारियों के साथ मिलकर विशेष रूप से निर्दिष्ट गैर-पेशेवर दूरबीनों के माध्यम से आगंतुकों को खगोलीय पिंडों का अवलोकन कराया और पूरी शाम उनके अनेक प्रश्नों के उत्तर दिए। इस क्षेत्र के विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दूरबीनों से खगोलीय पिंडों का अवलोकन करने के लिए आमंत्रित किया गया था और उन्हें क्षेत्र में प्रकाश संबंधी प्रदूषण को कम करने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई थी।
एचडीएसआर के खगोल विज्ञान दूतों के लिए हर शाम विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। ये 25 स्थानीय ग्रामीण हैं जिन्हें पिछले तीन वर्षों से पर्यटकों के लिए खगोल विज्ञान संबंधी भ्रमण आयोजित करने का प्रशिक्षण दिया गया है और लद्दाख सरकार की ओर से दूरबीनें प्रदान की गई हैं। विशेषज्ञ प्रतिभागियों ने मार्गदर्शक के रूप में भी कार्य किया और इन दूतों को रात्रि में आकाश के अवलोकन और खगोल फोटोग्राफी के कई व्यावहारिक पहलुओं को सिखाने में सहायता की।
लद्दाख में स्थित हानले डार्क स्काई रिजर्व (एचडीएसआर) रात्रि में अपने असाधारण रूप से अंधेरे आकाशीय क्षेत्र के लिए प्रसिद्ध है जो इसे खगोल फोटोग्राफरों और शौकिया खगोलविदों के लिए एक बेहद आकर्षक स्थान बनाता है। दिसंबर 2022 में लद्दाख सरकार की ओर से डार्क स्काई रिजर्व के रूप में अधिसूचित एचडीएसआर खगोल विज्ञान पर आधारित नवीन सामाजिक-आर्थिक विकास पहल का प्रतिनिधित्व करता है। यह दो प्रमुख अवधारणाओं पर आधारित है: वेधशाला में निरंतर अनुसंधान के लिए प्रकाश संबंधी प्रदूषण को कम करना और स्थानीय समुदायों को लाभ पहुंचाने के लिए खगोल-पर्यटन को बढ़ावा देना।
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के प्रशासन सहित विभिन्न हितधारकों की मजबूत प्रतिबद्धता के कारण एचडीएसआर की सफलता संभव हो पाई है। एचडीएसआर का आधार हानले स्थित भारतीय खगोलीय वेधशाला है। यह वेधशाला विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अधीन एक स्वायत्त संस्था आईआईए की ओर से संचालित है।
वार्षिक एचडीएसआर स्टार पार्टी हानले के अंधकारमय आकाश को भविष्य के लिए संरक्षित करने के महत्व और उन विभिन्न हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण और दुर्लभ संसाधन होने पर बल देती है जिनके लिए हानले का आकाश महत्वपूर्ण और दुर्लभ संसाधन है। वेधशाला के प्रभारी वैज्ञानिक और आईआईए के प्रोफेसर डीके साहू ने कहा, “हानले में प्रस्तावित 3.7 मीटर की उन्नत हिमालयन चंद्र दूरबीन और 13.7 मीटर की राष्ट्रीय विशाल ऑप्टिकल-इन्फ्रारेड दूरबीन के साथ इसके अंधेरे आकाश की रक्षा के लिए हमारा एकजुट होना अनिवार्य है।”

चित्र: एचडीएसआर स्टार पार्टी 2026 के प्रतिभागियों की समूह तस्वीर (क्रेडिट: अजय तलवार)
Comments (0)