LIVE

रक्षा राज्य मंत्री संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र के दूसरे वार्षिक ट्राइडेंट व्याख्यानमाला का उद्घाटन करेंगे

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ 1 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र- सेंटर फॉर जॉइंट वॉरफेयर स्टडीज के दूसरे वार्षिक ट्राइडेंट व्याख्यानमाला का उद्घाटन करेंगे। वे कार्यक्रम में ‘राष्ट्र निर्माण के लिए अगली पीढ़ी की क्षमता के लाभ उठाने’ विषय पर संबोधित करेंगे।

संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ‘रक्षा बलों के परिप्रेक्ष्य से राष्ट्रीय पुनरुत्थान’ विषय पर व्याख्यानमाला आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी (सीआईएससी) और संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र के अध्यक्ष, एकीकृत रक्षा स्टाफ प्रमुख एयर मार्शल तेजिंदर सिंह का ‘आपसी तालमेल और एकीकरण के उभरते आयाम’ विषय पर मुख्य व्‍याख्‍यान होगा। इसके अतिरिक्त, लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला (सेवानिवृत्त) ‘नागरिक-सैन्य संलयन: राष्ट्रीय विकास का मार्ग’ और उप सेनाध्‍यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ‘स्मार्ट युद्ध प्रणाली : बहु-क्षेत्रीय अभियान और सैन्‍य तालमेल की अवधारणा’ विषय पर व्‍याख्‍यान देंगे।

इस व्याख्यानमाला में तीनों सेनाओं के आपसी तालमेल और संसाधनों के समन्वित उपयोग और एकीकरण, बहु-क्षेत्रीय अभियानों, नागरिक-सैन्य संलयन और राष्ट्र निर्माण में सशस्त्र बलों की भूमिका पर वरिष्ठ सैन्‍य नेतृत्व और प्रख्यात विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।

संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र की स्थापना वर्ष 2007 में एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय के तत्वावधान में की गई थी। यह त्रि-सैन्‍य विचार समूह है जो संयुक्त युद्ध प्रणाली, राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय सैन्‍य संसाधन के प्रयोग से संबंधित मुद्दों पर अनुसंधान, विश्लेषण और सार्थक विमर्श का मंच है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »