LIVE

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल की नवजात शिशु देखभाल इकाई में लगी आग में तीन नवजात शिशुओं की मृत्यु और चार अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया

महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी

रिपोर्ट में घायल शिशुओं के स्वास्थ्य की स्थिति और सरकार द्वारा घोषित मुआवजे के संवितरण का विवरण शामिल होने की उम्मीद

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उन मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें कहा गया है कि 24 अगस्त 2026 को महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल की नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में लगी आग में तीन नवजात शिशुओं की मृत्यु हो गई और चार अन्य घायल हो गए। बताया जाता है कि यह घटना वेंटिलेटर मशीन में विस्फोट के कारण हुई।

आयोग ने पाया कि समाचार रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य यदि सत्य हैं, तो यह मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला है। आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में घायल शिशुओं के स्वास्थ्य की स्थिति और सरकार द्वारा घोषित मुआवजे के संवितरण का विवरण अपेक्षित है।

25 अगस्त 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय एसएनसीयू में नौ शिशु भर्ती थे। घायल चार शिशुओं में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »