LIVE

रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए रक्षा मंत्री अपने जापानी समकक्ष के साथ नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह 20 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री श्री शिंजीरो कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक से द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करने, रणनीतिक विश्वास और सहयोग बढ़ाने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान किए जाने की आशा है।

जापान द्वारा रक्षा उपकरण एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के तीन सिद्धांतों में संशोधन के बाद, दोनों मंत्री ‘मेक-इन-इंडिया’ प्रारूप के अंतर्गत गहन समुद्री सुरक्षा सहयोग और रक्षा उपकरण एवं प्रौद्योगिकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। यह बैठक द्विपक्षीय रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए एक कार्ययोजना तैयार करने का अवसर प्रदान करती है।

भारत की अपनी पहली यात्रा पर आए श्री शिंजीरो कोइज़ुमी ने 19 अगस्त, 2026 को मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान का दौरा किया, जहां उन्होंने नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और पश्चिमी नौसेना कमान के ध्वज अधिकारी कमान प्रमुख वाइस एडमिरल संजय वत्सयान के साथ चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल को भारतीय नौसेना की भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और परिचालन क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई।

श्री शिंजीरो कोइज़ुमी ने पश्चिमी नौसेना कमान में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इससे पहले, उन्होंने नौसेना गोदी में गौरव स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वदेशी जहाज आईएनएस चेन्नई का भी दौरा किया।

भारत और जापान के मजबूत संबंध एक स्वतंत्र, खुले, सुदृढ़ और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के साझा दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। जापानी रक्षा मंत्री की दो दिवसीय यात्रा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में बढ़ती गति को रेखांकित करती है और साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित भी करती है। यह यात्रा जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली में किए गए दौरे के कुछ सप्ताह बाद हो रही है, जहां दोनों पक्षों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और परिपुष्‍ट करने पर सहमति व्यक्त की थी।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »