LIVE

भारत टैक्सी का आरंभ

सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल), जो कि एक बहु-राज्य सहकारी समिति है, द्वारा संचालित एवं सहकारिता-आधारित डिजिटल ऐप मोबिलिटी प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी  का दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान के शहरों में आधिकारिक रूप से शुभारंभ कर दिया गया है।

भारत टैक्सी सेवाओं का कार्यान्वयन देश भर में चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है । इस कार्यान्वयन में सारथियों (चालकों) का पंजीकरण एवं ऑनबोर्डिंग, ग्राहकों का नामांकन, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा चिह्नित शहरों एवं राज्यों में सेवाओं का विस्तार शामिल है । दिनांक 04.08.2026 की स्थिति के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म पर 8.48 लाख सारथी (चालक) और 44.27 लाख ग्राहक पंजीकृत हो चुके हैं। यह प्लेटफॉर्म प्रतिदिन 11,106 राइड्स को सुगम बना रहा है और इसने सारथियों के लिए 83.70 करोड़ रुपये की संचयी आय को सक्षम बनाया है ।

सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित भारत टैक्सी की सेवाओं का रोलआउट अन्य शहरों और राज्यों में परिचालन आवश्यकताओं और आवश्यक अनुमोदनों के अध्यधीन है। यह विस्तार परिचालन संबंधी तैयारी, सारथियों की उपलब्धता, सांविधिक आवश्यकताओं की पूर्णता, तथा संबंधित राज्य सरकारों, सहकारी संस्थाओं एवं अन्य हितधारकों के साथ समन्वय जैसे कारकों के आधार पर किया जाता है।

दिनांक 04.08.2026 की स्थिति के अनुसार, विभिन्न शहरों में भारत टैक्सी के संचालन तथा औसत दैनिक राइड्स का ब्योरा निम्नानुसार है:

शहरऔसत दैनिक राइड्स
दिल्ली-एनसीआर5574
गुजरात3817
लखनऊ324
चंडीगढ़190
मुंबई197
जयपुर372
पुणे632
कुल11,106.

भारत टैक्सी और यात्री साथी भिन्न संस्थागत फ्रेमवर्क के अंतर्गत संचालित होने वाले अलग-अलग मोबिलिटी प्लेटफॉर्म हैं । भारत टैक्सी बहु-राज्य सहकारी सोसाइटी अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के अधीन सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित एक सहकारिता-आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है, जबकि यात्री साथी सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग (डीआईटीई), पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा विकसित और संचालित एक मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है।

दिनांक 19 जुलाई, 2026 को, एसटीसीएल ने यात्री साथी प्लेटफॉर्म के साथ सहयोग के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है । इस समझौता ज्ञापन के अंतर्गत भारत टैक्सी, चालक नामांकन, सहकारी सदस्यता, चालक कल्याण और सार्वजनिक पहुँच के क्षेत्रों में सहयोग प्रदान करती है ।

यह जानकारी केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »