LIVE

नदी आधारित पर्यटन का विकास

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि आंध्र प्रदेश में सरकार ने पर्यटन, तीर्थाटन एवं स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने के लिए रो-रो (रोल-ऑन रोल-ऑफ) टर्मिनल, फ्लोटिंग जेटी एवं स्टील पोंटून विकसित किए हैं। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के स्वायत्त संगठन भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने रो-रो परिवहन को सुगम बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय जलमार्ग-4 (कृष्णा नदी) पर मुक्त्याला में रो-रो टर्मिनल का विकास किया है। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आईडब्ल्यूएआई ने वर्ष 2024 के दौरान चार (4) फ्लोटिंग जेटी का निर्माण कर उन्हें आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एपीटीडीसी) को सौंप दिये हैं। इसके अलावा, आंध्र प्रदेश के हरीशचंद्रपुरम में रो-रो टर्मिनल के निर्माण तथा कृष्णा नदी के राष्ट्रीय जलमार्ग-4 के तेलंगाना क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए तीन (3) फ्लोटिंग स्टील पोंटून की आपूर्ति एवं स्थापना से संबंधित कार्य आवंटित किए गए हैं। आईडब्ल्यूएआई ने राष्ट्रीय जलमार्ग-4 के विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के नवीनीकरण का कार्य भी सौंपा है। यह रिपोर्ट धर्मपुरी के निकट गोदावरी नदी क्षेत्र तथा आसपास के क्षेत्रों में अंतर्देशीय जल परिवहन सुविधाओं के विकास की रूपरेखा तैयार करेगी। इस कार्य को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डीपीआर के निष्कर्षों एवं अनुशंसाओं के आधार पर आगे की कार्ययोजना निर्धारित की जाएगी।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »