आर्थिक रूप से वंचित परिवारों के हजारों प्रतिभाशाली छात्रों के लिए एक प्रमुख संस्थान में प्रवेश प्राप्त करना उनकी यात्रा की शुरुआत है। उच्च शिक्षा की अधिक लागत अक्सर उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने में एक प्रमुख बाधा बन जाती है।
यह प्रदर्शित करते हुए कि लक्षित वित्तीय सहायता जीवन को कैसे बदल सकती है, अन्य पिछड़ा वर्ग (अपिव) समुदाय के 25 वर्षीय छात्र राजन कुमार ने पीएम–यशस्वी योजना– अपिव, ईबीसी और डीएनटी छात्रों के लिए शीर्ष श्रेणी की शिक्षा के तहत समर्थन के साथ अपना मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) सफलतापूर्वक पूरा किया।
सीमित वित्तीय संसाधनों के साथ एक साधारण परिवार से आने वाले राजन हमेशा एक प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल से प्रबंधन की शिक्षा हासिल करने के प्रति इच्छुक थे। लगातार कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के माध्यम से उन्होंने कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) में सराहनीय 99.5 पर्सेंटाइल हासिल किया और एक प्रतिष्ठित एमबीए प्रोग्राम में प्रवेश लिया। हालांकि, अत्यधिक ट्यूशन फीस ने उनके परिवार के लिए एक गंभीर वित्तीय चुनौती पेश की। उनकी सीमित आय ने दिन-प्रतिदिन के घरेलू खर्चों को पूरा करते हुए उच्च शिक्षा की लागत को वहन करना मुश्किल बना दिया।
सामाजिक और आर्थिक रूप से वंचित समुदायों के मेधावी छात्रों की सहायता करने के महत्व को स्वीकार करते हुए, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने वर्ष 2024 से 2026 के दौरान पीएम-यशस्वी योजना के तहत राजन को 15.51 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। छात्रवृत्ति ने उनकी शिक्षा के लिए वित्तीय बाधाओं को दूर कर दिया और उन्हें बिना किसी रुकावट के अपनी पढ़ाई जारी रखने में सक्षम बनाया।
अपनी यात्रा पर विचार करते हुए, राजन कुमार ने कहा:
“पीएम–यशस्वी छात्रवृत्ति प्राप्त करने से मेरा जीवन बदल गया। इसने न केवल मुझे आर्थिक रूप से समर्थन दिया बल्कि मुझे यह विश्वास करने का आत्मविश्वास भी दिया कि मेरे सपने मायने रखते हैं। छात्रवृत्ति ने मेरे माता–पिता पर बोझ को कम कर दिया और मुझे शिक्षा के खर्चों के बारे में लगातार चिंता किए बिना अपनी पढ़ाई, परियोजनाओं और करियर की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने की अनुमति दी। पीएम–यशस्वी छात्रवृत्ति वित्तीय सहायता से कहीं अधिक है– यह कम आय वाले परिवारों के प्रतिभाशाली छात्रों के लिए गरिमा और आत्मविश्वास के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के अवसर पैदा करता है।

कौशल का निर्माण और एक सफल करियर की तैयारी
वित्तीय बोझ काफी कम होने के साथ राजन अपना पूरा ध्यान शिक्षा और व्यावसायिक विकास पर केंद्रित करने में सक्षम थे। अपने एमबीए के दौरान, उन्होंने अकादमिक प्रस्तुतियों, प्रबंधन परियोजनाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने लीन सिक्स सिग्मा ग्रीन बेल्ट सर्टिफिकेशन भी अर्जित किया और वित्त, इक्विटी अनुसंधान और प्रबंधन में परियोजनाएं शुरू कीं, जिससे उनकी पेशेवर दक्षताओं और कैरियर की संभावनाओं को मजबूत किया गया।
राजन कुमार की सफलता दर्शाती है कि कैसे अपिव, ईबीसी और डीएनटी छात्रों के लिए शीर्ष श्रेणी की शिक्षा के लिए पीएम–यशस्वी योजना वंचित समुदायों के पात्र छात्रों को प्रमुख संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सक्षम बना रही है। वित्तीय बाधाओं को दूर करके और शैक्षिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देकर, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय युवाओं को निरंतर सशक्त बनाने, सामाजिक गतिशीलता के अवसर पैदा करने और अधिक समावेशी तथा कुशल भारत का निर्माण कर रहा है।
Comments (0)