LIVE

तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में स्टार्टअप्स को अनुदान

वस्त्र मंत्रालय के राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (एनटीटीएम) के अंतर्गत, “तकनीकी वस्त्र क्षेत्र में उभरते नवप्रवर्तकों के लिए अनुसंधान और उद्यमिता अनुदान (जीआरईएटी)” योजना का उद्देश्य युवा नवप्रवर्तकों, वैज्ञानिकों, प्रौद्योगिकीविदों और स्टार्टअप उद्यमों को उनके विचारों को व्यावसायिक प्रौद्योगिकियों और उत्पादों में परिवर्तित करने में सहायता प्रदान करके तकनीकी वस्त्र क्षेत्र में स्टार्टअप के अनुकूल परिवेश को सहयोग देना है। चालू वित्त वर्ष (2026-27) के लिए एनटीटीएम को आवंटित कुल बजट 256 करोड़ रुपये है जिसमें जीआरईएटी योजना के अंतर्गत स्टार्टअप को अनुदान जारी करने का प्रावधान भी शामिल है।

स्टार्टअप प्रस्तावों के तकनीकी और वित्तीय मापदंडों का मूल्यांकन, निगरानी और समीक्षा करने के लिए एनटीटीएम के अंतर्गत मूल्यांकन एवं निगरानी समिति (ईएमसी) का गठन किया गया है। यह ईएमसी जीआरईएटी के दिशानिर्देशों में निर्धारित मानदंडों के आधार पर स्टार्टअप प्रस्तावों की स्वीकृति के लिए एनटीटीएम के अंतर्गत अधिकार प्राप्त कार्यक्रम समिति (ईपीसी) को अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करती है। जीआरईएटी के दिशानिर्देश https://nttm.texmin.gov.in/ पर उपलब्ध हैं।

एनटीटीएम के अंतर्गत स्टार्टअप्स को दिए जाने वाले अनुदानों का उद्देश्य नवाचार को बढ़ावा देना, स्वदेशी प्रौद्योगिकियों का व्यावसायीकरण और मूल्यवर्धित तकनीकी वस्त्र उत्पादों का विकास करना है। इन अनुदानों का अपेक्षित आर्थिक प्रभाव मुख्य रूप से समर्थित स्टार्टअप्स और स्थापित उद्योग भागीदारों के बीच मजबूत सहयोग पर आधारित है। प्रोटोटाइप विकास, क्षेत्र में परीक्षण और बाजार में उतारे जाने के लिए नवप्रवर्तकों और उद्योग जगत के हितधारकों के बीच मजबूत तालमेल को बढ़ावा देकर यह योजना बाजार के लिए तैयार सामग्रियों का व्यावसायीकरण सुनिश्चित करती है। उद्योग जगत की इस सक्रिय सहभागिता से इन स्टार्टअप्स को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने, देश में तकनीकी वस्त्र के अनुकूल समग्र परिवेश को महत्वपूर्ण रूप से सुदृढ़ करने और इस प्रकार व्यापक तौर पर सतत उद्योग विकास और रोजगार सृजन को गति देने की उम्मीद है।

एनटीटीएम के अंतर्गत कुल 31 स्टार्टअप को 15.40 करोड़ रुपये की कुल लागत से स्वीकृति दी गई है जिसमें से भारत सरकार का हिस्सा 13.65 करोड़ रुपये है, जिसका विवरण नीचे दिया गया है।

स्वीकृत स्टार्टअप परियोजनाओं की प्रगति का आकलन और निगरानी करने के लिए समीक्षा एवं निगरानी समिति का गठन किया गया है। इस समिति को अनुदान की अगली किस्तों के भुगतान और परियोजनाओं को बंद करने के संबंध में एनटीटीएम के अंतर्गत सशक्त कार्यक्रम समिति को अनुशंसाएं देने का अधिकार प्राप्त है। इसके अतिरिक्त, योजना के बारे में जानकारी के प्रसार और संभावित स्टार्टअप परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए उद्योग जगत की भागीदारी को सुगम बनाने के उद्देश्य से देश भर में विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सेमिनार और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

एनटीटीएम की जीआरईएटी योजना के अंतर्गत शुरू होने वाली स्टार्टअप परियोजनाओं का विवरण

क्रमांकस्टार्टअप परियोजना का शीर्षकपरियोजना की स्वीकृत लागत
1उच्च प्रदर्शन वाले गर्म और ठंडे वस्त्र55,00,000
2डॉक्टरों के प्रशिक्षण के लिए वस्त्र सामग्री पर आधारित शल्य चिकित्सा अनुकरण मॉडल50,00,000
3औद्योगिक भांग से बने पल्ट्रूज़न कॉर्ड और कंपोजिट का विकास और व्यावसायीकरण66,16,500
4भविष्य के स्मार्ट कपड़े: ऊर्जा उत्पादन और संवेदन के लिए नैनोफाइबर-युक्त वस्त्र50,00,000
5उच्च प्रदर्शन वाले टायर-धागे: पर्यावरण-अनुकूल प्रक्रिया से निर्मित पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद50,00,000
6रेडोम इंटीग्रेटेड आईएफएफ एंटीना50,00,000
7रक्षा और ऑटोमोबाइल अनुप्रयोगों में उपयोग के लिए ब्रेडेड कंपोजिट का विकास49,86,875
8उभरती प्रौद्योगिकियों के साथ तकनीकी वस्त्रों का सतत प्रसंस्करण50,00,000
9नैनोमैटेरियल आधारित स्मार्ट टेक्सटाइल्स का निर्माण50,00,000
10नोड लॉक्ड त्रि-आयामी (3डी) सामग्री आधारित उन्नत कंपोजिट का विकास50,00,000
11शैवाल आधारित लेपित वस्त्र, चमड़े/सिंथेटिक सामग्रियों के विकल्प के रूप में56,00,000
12शून्य अपशिष्ट, अगली पीढ़ी के, स्मार्ट, स्व-स्वच्छ व्यक्तिगत सुरक्षात्मक चिकित्सा परिधान- यूनीक्लेन्ज़ का उत्पादन और विस्तार46,80,000
13अस्पतालों में पहनने के लिए प्राकृतिक रोगाणुरोधी लेपित वस्त्र49,76,000
14जैव-इंजीनियरिंग से निर्मित वस्त्र और सामग्री निर्माण50,00,000
15स्वास्थ्य और कल्याण अनुप्रयोगों में पहनने योग्य समझदार सामग्रियों को तैयार करने के लिए शेप मेमोरी सामग्री से निर्मित नवीन इलेक्ट्रॉनिक वस्त्र50,00,000
16प्लाज्मा तकनीक के माध्यम से विकसित सिकुड़न-रोधी, डिटर्जेंट से धोने योग्य, छलावरण वाले रंगों से रंगे, सुदूर अवरक्त लाल ऊनी वस्त्र, जो अत्यधिक ठंड की स्थितियों में सुरक्षा प्रदान करते हैं और जिनमें उन्नत यांत्रिक, आरामदायक और तापीय गुण होते हैं।50,00,000
17नवीन मिश्रित सामग्री पर आधारित अंतरिक्ष में उपयोग करने योग्य संचार एंटीना56,50,000
18वस्त्र एवं औद्योगिक जीएलडी संयंत्रों में अंतिम अवशेषों से संसाधन पुनर्प्राप्ति के लिए प्रायोगिक स्तर पर नवीन जीरो सॉलिड डिस्चार्ज (जेडएसडी) प्रणाली का डिजाइन और विकास (चक्रीयता एवं स्थिरता)47,82,250
19पहने जाने योग्य स्मार्ट वस्त्र: तनाव प्रबंधन के नवीन तरीकों से मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए50,00,000
20मासिक धर्म स्वच्छता के लिए टिकाऊ और अभिनव समाधान के रूप में फ्लश करने योग्य सैनिटरी पैड56,00,000
21जीवाणुरोधी, एंटीऑक्सीडेंट और यूवी-सुरक्षात्मक अनानास के कपड़े का विकास टिकाऊ और बहुकार्यात्मक सुरक्षात्मक वस्त्र के रूप में किया गया है जिसमें बेहतर यांत्रिक और आरामदायक गुण हैं50,00,000
22मकड़ी के रेशम की तकनीक से उच्च-प्रदर्शन वाले टिकाऊ रेशों में क्रांतिकारी परिवर्तन लाना50,00,000
23जैवसामग्रियों पर आधारित उन्नत चिकित्सा वस्त्र उत्पादों का विकास32,50,000
24उच्च-प्रदर्शन वाले खेल उपकरण, उच्च-ऊंचाई वाले साहसिक खेलों और रक्षा अनुप्रयोगों के लिए उपयुक्त50,00,000
25सर्दियों में आरामदायक ताप के लिए स्मार्ट वस्त्र50,00,000
26भारतीय अपरंपरागत प्राकृतिक रेशों और पर्यावरण के अनुकूल फिनिश का उपयोग करके कॉस्मेटिक वस्त्र/वेलनेस वस्त्रों का विकास50,00,000
27हृदय गति में अनियमितता का पता लगाने के लिए निरंतर हृदय गति की निगरानी करने वाली स्मार्ट वेस्ट50,00,000
28अंतरिक्ष अनुप्रयोगों के लिए तकनीकी वस्त्रों का उपयोग करके हल्के, तापीय और विकिरण परिरक्षण करने वाले मिश्रित टाइलों का विकास23,98,000
29भवन निर्माण कार्यों के लिए वस्त्र अपशिष्ट मिश्रित पैनल50,00,000
30स्वदेशी स्तर पर महीन बुनाई वाले भांग के धागे और उसके मिश्रण का उत्पादन, जिसका उपयोग स्वाभाविक रूप से रोगाणुरोधी घाव की पट्टियों और आवरणों के विकास के लिए किया जाता है50,00,000
31नियोसेंस: कम्फीहग वाइटल मॉनिटरिंग50,00,000

वस्त्र राज्य मंत्री श्री पबित्रा मार्गेरिटा ने आज लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »