भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (बीबीएसएसएल) ने देशभर में वितरण हेतु बाजार में ‘भारत बीज’ ब्रांड के अंतर्गत अब तक 18 फसलों के बीज और 124 किस्में उतारी हैं ।
बीबीएसएसएल विभिन्न सरकारी योजनाओं के अधीन सदस्य सहकारी समितियों, निजी वितरकों और डीलरों के साथ-साथ राज्य बीज परिसंघों और बीज निगमों के अपने राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के माध्यम से अपने बीजों का वितरण करता है ।
अपने बीज वितरण कार्यक्रम के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए, बीबीएसएसएल ने अपने प्रधान कार्यालय में महाराष्ट्र और दादरा और नगर हवेली सहित क्षेत्र-वार जोनल प्रबंधकों और समन्वयकों को नामित किया है । महाराष्ट्र में बीबीएसएसएल द्वारा चारा फसलों, कपास, ज्वार तथा मूंगफली के बीज राज्य सरकार के माध्यम से केन्द्र प्रायोजित योजनाओं, अर्थात् NMEO-OS, NFSNM तथा कपास क्रांति मिशन के अंतर्गत आपूर्ति किए गए हैं, जबकि गेहूँ एवं चना के बीज निजी वितरण माध्यमों से वितरित किए गए हैं। दादरा और नगर हवेली में बीज वितरण और संबंधित कार्यकलापों के समन्वय के लिए बीबीएसएसएल की नोडल एजेंसी के रूप में कृषि विभाग को नामित किया गया है ।
बीबीएसएसएल की स्थापना उन्नत बीजों के उत्पादन, प्रापण, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, लेबलिंग, पैकेजिंग, भंडारण, विपणन और वितरण; रणनीतिक अनुसंधान और विकास तथा स्वदेशी प्राकृतिक बीजों के संरक्षण और संवर्धन हेतु प्रणाली विकसित करने के लिए एक शीर्ष संगठन के रूप में कार्य करने के लिए की गई है ।
यह जानकारी केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
Comments (0)