देर रात तक श्रद्धालुओं की लगी रही लंबी कतार
विशेष संवाददाता
वाराणसी। आदि विश्वेश्वर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में कार्तिक शुक्ल वैकुंठ चतुर्दशी के शुभ अवसर पर सोमवार को विविध आयोजन हुए। इस दिन बाबा की आराधना सहस्र नाम से तुलसी पत्र अर्पण और आरती के साथ की गयी। 101 वेदपाठियो ने न्यासाध्यक्ष के आचार्यत्व में सर्व शाखा सहित वेद पाठ किया। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार को न्यास अध्यक्ष और मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह ने सम्मानित किया। इस दौरान सभी वेदपाठी ब्राह्मणों को भी अंग वस्त्रम और दक्षिणा देकर सम्मानित किया गया।

वही देर शाम सास्कृतिक संध्या मे सुरसुरि की गंगा मे भी श्रोताओं ने गोता लगाया। जिसकी शुरुआत वैदिक ब्राह्मणों द्वारा मंगला चरण से हुई।

आरंभ शहनाई की मंगल ध्वनि की प्रस्तुति से हुआ। अगली कड़ी में बेंगलुरु से पधारी नाग लक्ष्मी ने भरतनाट्यम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। सितार वादक श्रावणी विश्वास ने अपने वादन से बाबा के भक्तों में एक नई ऊर्जा का संचार किया। इसके बाद भजनों की प्रस्तुति हुई। जिसमें कलाकार सूर्यबली कुमार और उनके साथियो ने भजन गायन से समूचे वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

कार्यक्रम का समापन कत्थक नृत्य से हुआ जिसमें रविशंकर मिश्रा एवं ममता टंडन ने शिव तांडव की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी सुनील ओझा, कमिश्नर दीपक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

वैदिक ब्राह्मणों को अंगवस्त्रम भाजपा के प्रदेश प्रभारी सुनील ओझा ने दिया। इससे पूर्व उन्होंने बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विधिविधान से पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
